राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, CM डॉ यादव ने पिलाई पोलियो की खुराक, 3.32 लाख बच्चों को पिलाई जा रही पोलियो की खुराक
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत भोपाल जिले में रविवार को 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का व्यापक अभियान शुरू किया गया। जिले में लगभग 3.32 लाख बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने 2710 पोलियो बूथ स्थापित किए हैं, जहां बच्चों को निःशुल्क दवा पिलाई जा रही है।
CM डॉ मोहन यादव ने बैतूल में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई
पोलियो की खुराक से वंचित न रहे..
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आंगनवाड़ी केंद्रों, सरकारी एवं निजी अस्पतालों, शॉपिंग मॉल, प्रमुख बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर विशेष पोलियो बूथ बनाए गए हैं। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिला रही
स्वास्थ्य विभाग ने हाई रिस्क क्षेत्रों जैसे ईंट भट्टों, निर्माण स्थलों, क्रेशर क्षेत्रों और घुमंतू आबादी तक पहुंचने के लिए विशेष मोबाइल टीमें भी तैनात की हैं। ये टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिला रही हैं। अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मी और स्वयंसेवक लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि सभी पात्र बच्चों तक पहुंच बनाई जा सके।
चलती ट्रेन में ही पोलियो की खुराक पिला रही
पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने भी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रेलवे ने भोपाल, इटारसी, बीना, गुना और गंजबासौदा सहित प्रमुख स्टेशनों पर 22 विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए हैं। साथ ही मोबाइल टीमें झेलम एक्सप्रेस, पंजाब मेल, कर्नाटक एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस और अन्य ट्रेनों में यात्रा कर रहे 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को चलती ट्रेन में ही पोलियो की खुराक पिला रही हैं।
गंभीर बीमारी को दोबारा फैलने से रोक सकती है
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। विशेषज्ञों के अनुसार भारत वर्ष 2014 से पोलियो मुक्त है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे का समय पर टीकाकरण बेहद आवश्यक है। यही सतर्कता भविष्य में पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को दोबारा फैलने से रोक सकती है।