मध्य प्रदेश के उमरिया में एक भीषण सड़क हादसा हुआ ज

परीक्षा देने निकले थे, लेकिन रास्ते में पूरे परिवार की खुशियां उजड़ गईं!

मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवती की डॉक्टरों ने समय रहते सीपीआर देकर जान बचा ली। यह परिवार अनूपपुर जिले से चित्रकूट जा रहा था, जहां घायल युवती की परीक्षा थी। हादसा सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी के पास नेशनल हाईवे-43 पर हुआ।

गंभीर रूप से घायल हो गए सवार लोग

पुलिस के अनुसार, अनूपपुर जिले के लीला गांव निवासी छह लोग अर्टिगा कार (MP-18 ZE-9677) से चित्रकूट के लिए निकले थे। भरौला के पास सिद्ध बाबा क्षेत्र में कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मासूम रुद्र प्रताप की मौके पर ही मौत हो गई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने बताया कि हादसे में ग्राम सरपंच कुलपत सिंह (37), उनकी पत्नी एवं हेड कॉन्स्टेबल सविता सिंह मार्को (32), प्रियंका सिंह और तीन वर्षीय मासूम रुद्र प्रताप की मौके पर ही मौत हो गई। चारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

कार में सवार 22 वर्षीय खुशबू मार्को भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बताया जा रहा है कि वह चित्रकूट में आयोजित परीक्षा देने जा रही थी और पूरा परिवार उसे परीक्षा केंद्र छोड़ने जा रहा था। हादसे के बाद अस्पताल पहुंचने पर उसकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने तुरंत सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देकर उसे पुनर्जीवित किया, जिसके बाद उसकी सांसें लौट आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है

हादसे के समय कार चला रहा चालक ददन सुरक्षित बच गया, लेकिन वह गहरे सदमे में है। पुलिस के मुताबिक उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण अभी उससे पूछताछ नहीं की जा सकी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।