मध्य प्रदेश के सीहोर में ट्रक और बोलेरो की टक्कर म

सीहोर: झाड़-फूंक कराने जा रहे परिवार पर टूटा कहर! ट्रक से भिड़ी बोलेरो, बाप-बेटे समेत 5 की मौत

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में मंगलवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे में राजगढ़ जिले के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग राजगढ़ के भियापुरा गांव से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को आष्टा लेकर जा रहे थे। रास्ते में शुजालपुर-आष्टा मार्ग पर गोदी जोड़ के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी।

सामने से ट्रक ने मारी टक्कर, बोलेरो के उड़ गए परखच्चे

पुलिस के मुताबिक हादसा दोपहर करीब 2:45 बजे हुआ। बोलेरो में सवार लोग राजगढ़ से आष्टा की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आए खाली ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक सड़क किनारे जाकर रुका। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

बाप-बेटे समेत पांच लोगों की मौके पर मौत

इस हादसे में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक बनेसिंह तंवर (22), उसके पिता देवीराम (60), भगवान (50), बोलेरो चालक अमरसिंह (45) और गुलाबचंद (30) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हेमराज, इंदर, राजाराम और राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सीहोर से भोपाल रेफर किया गया है।

झाड़-फूंक के लिए जा रहे थे

पुलिस जांच में सामने आया है कि बनेसिंह लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज भी चल रहा था। परिजन उसे आष्टा क्षेत्र में झाड़-फूंक कराने के लिए लेकर जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

शव निकालने के लिए काटनी पड़ी बोलेरो

हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो में शव और घायल बुरी तरह फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने लोहे के हिस्से काटकर सभी को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान में भी समय लगा और करीब तीन घंटे बाद परिजनों के पहुंचने पर शिनाख्त हो सकी।

गांव में पसरा मातम

एक ही गांव के पांच लोगों की मौत की खबर से भियापुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कई परिवारों ने एक साथ अपने प्रियजनों को खो दिया। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।