पार्वती नदी के उफान से बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग पर

भोपाल-राजगढ़ मार्ग पर आवागमन बंद, पार्वती नदी का बढ़ा जलस्तर बना खतरा

भोपाल और राजगढ़ जिले को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पर एक बार फिर बारिश का असर देखने को मिला है। पार्वती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग पर नदी के बीच बने अस्थायी वैकल्पिक मार्ग से आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा ने सोमवार देर रात आदेश जारी कर लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग पर वाहनों और आम नागरिकों के आवागमन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी।

जान जोखिम में डालकर मार्ग का उपयोग न करे

प्रशासन के अनुसार लगातार हो रही बारिश से पार्वती नदी उफान पर है, जिसके चलते अस्थायी डायवर्सन पूरी तरह जलमग्न हो गया है। तेज बहाव के कारण इस रास्ते से गुजरना बेहद जोखिमपूर्ण हो गया था। यही वजह है कि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया। संबंधित विभागों को मौके पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति जान जोखिम में डालकर मार्ग का उपयोग न करे।

कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी

आदेश के पालन की जिम्मेदारी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पीडब्ल्यूडी, जनपद पंचायत और पुलिस विभाग को सौंपी गई है। अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही लोगों को सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

केवल सुरक्षित वैकल्पिक रास्तों से ही यात्रा करें

गौरतलब है कि रुनाहा-नरसिंहगढ़ मार्ग पर स्थित यह पुल जनवरी 2025 में क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद अस्थायी डायवर्सन तैयार किया गया था। बारिश से पहले तक इसी मार्ग से बस, ट्रक और अन्य वाहन गुजर रहे थे, लेकिन जलभराव बढ़ने के कारण अब यह भी बंद करना पड़ा है। यह पुल भोपाल, राजगढ़, गुना, विदिशा, शिवपुरी, अशोकनगर, उज्जैन और इंदौर समेत कई जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी हाल में बंद मार्ग का उपयोग न करें और केवल सुरक्षित वैकल्पिक रास्तों से ही यात्रा करें।