सरगुजा में आकाशीय बिजली से 13 वर्षीय बच्चे की मौत!
Surguja Monsoon Kills Child: सरगुजा जिले में मानसून पहुंचने के बावजूद बारिश की कमी बनी हुई है। शुक्रवार को कुछ इलाकों में हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 13 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। घटना उदयपुर ब्लॉक के ग्राम फतेहपुर की है।
बारिश के साथ आई आफत
शुक्रवार दोपहर बाद मैनपाट, उदयपुर और लखनपुर के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश हुई। इसी दौरान उदयपुर ब्लॉक के फतेहपुर गांव में विजय कुमार सिंह अपने 13 वर्षीय बेटे कृष्णव सिंह के साथ कच्चे मकान का छप्पर ठीक कर रहे थे। अचानक बिजली गिरने से कृष्णव सिंह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत मिशन अस्पताल अंबिकापुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अन्य इलाकों में भी बिजली गिरी
जिले के कई अन्य स्थानों पर भी आकाशीय बिजली गिरने की सूचना मिली है, हालांकि वहां किसी जनहानि की खबर नहीं है।
मानसून पहुंचा, बारिश नहीं
इस साल मानसून सरगुजा संभाग में करीब 8 दिन देरी से पहुंचा। एमसीबी जिले को छोड़कर बाकी संभाग में मानसून आ चुका है, लेकिन आगे नहीं बढ़ रहा है। सरगुजा, बलरामपुर और सूरजपुर के अधिकांश इलाकों में अभी तक बारिश नहीं हुई है। अंबिकापुर ब्लॉक में पिछले पांच दिनों से बारिश का नामोनिशान नहीं है। उमस की वजह से लोग परेशान हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में कोई सक्रिय सिस्टम न होने के कारण मानसून पहुंचने के बाद भी बारिश नहीं हो पा रही है। अलनीनो के प्रभाव से इस साल 10 प्रतिशत कम बारिश होने का अनुमान है।आज शाम या रात से सरगुजा संभाग के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अगले दो दिनों में जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान है।
किसानों की बढ़ी चिंता
बारिश न होने से खेतीबाड़ी का काम प्रभावित हो रहा है। कई जगहों पर मक्के की बोनी शुरू हो गई है, लेकिन धान का थरहा तैयार नहीं हो पाया है। कम बारिश के पूर्वानुमान के चलते किसान चिंतित हैं।