राम मंदिर चढ़ावा: बागेश्वर बाबा बोले - भगवान खुद पापियों को महादंड देंगे
उत्तर प्रदेश में अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी के खुलासे के बाद न सिर्फ दानदाताओं का विश्वास उठा, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को भी ठेस पहुंची। चोरी, जांच और कार्रवाई के बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भी इस पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने चोरों को पापी बताते हुए कहा है कि भगवान खुद उन्हें महादंड देंगे।
आरोपियों को मिलेगा महादंड
दरअसल, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इंडोनेशिया में आयोजित हनुमान कथा के दौरान चंदा चोरी की घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पैसों की नहीं, बल्कि भारत के करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा की चोरी है। उन्होंने रावण का उदाहरण देते हुए कहा, “माता सीता को चुराने वाले रावण के पूरे वंश का नाश हो गया था। राम मंदिर में चोरी करने वाले महापापी हैं, उन्हें भगवान स्वयं महादंड देंगे।” दर्ज हुई FIR का जिक्र करते हुए बागेश्वर महाराज ने कहा कि इस मामले में अभी और जांच होनी चाहिए, जिससे कई और आरोपी पकड़े जाएंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कि ऐसे लोगों को सरकारी दंड तो मिलेगा ही, साथ ही वे ईश्वरीय न्याय से भी नहीं बच पाएंगे।
क्या है मामला?
समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने 7 जून को राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि 5 से 7.5 करोड़ रुपए की चोरी की। इसके बाद 8 जून को अखिलेश यादव ने कोर्ट से स्वतः संज्ञान लेने की अपील की। 9 जून BJP नेता डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री को एक चिट्ठी लिखकर मामले की CBI और ED से जांच की मांग की। 9 जून को राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने ट्रस्ट के सदस्यों के साथ बैठक की थी। चढ़ावे की राशि, गिनती और लेखा-जोखा पर बात की। 10 जून को प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंदिर ट्रस्ट से मामले पर रिपोर्ट मांगी।
चंपत राय का इस्तीफा
SIT की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।