घाघरा के चुन्दरी में अनूप गुप्ता स्मृति फुटबॉल का भव्य समापन, पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव हुए शामिल
पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के चुंदरी गांव में सोहराई जतरा के शुभ अवसर पर आयोजित स्वर्गीय अनूप गुप्ता स्मृति पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन गुरुवार को भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ. समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अमित गुप्ता, घाघरा मुखिया योगेंद्र भगत, रुपेश साहू एवं अभिनाश गुप्ता उर्फ टोनी उपस्थित रहे.
सभी अतिथियों ने स्व. अनूप गुप्ता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर माला अर्पित की और उनके योगदानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी.अतिथियों ने कहा कि स्व. अनूप गुप्ता समाजसेवा और खेल प्रोत्साहन के प्रतीक रहे हैं. उनके नाम पर आयोजित यह टूर्नामेंट युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देता है. पांच दिनों तक चले इस आयोजन में क्षेत्र की कई टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और दर्शकों का हौसला साझा किया.
उद्घाटन मैच से लेकर समापन तक खेल प्रेमी और ग्रामीणों की भारी भीड़ उपस्थित रही.टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में एसटी सेमरटोली ने शानदार खेल दिखाते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया. उपविजेता रैंबो क्लब कुंदगाड़ी, तृतीय अरंगी जामटोली, चतुर्थ स्टूडेंट क्लब नवडीहा और कुल छह टीमों को खस्सी, नगद राशि ट्रॉफी और शील्ड देकर सम्मानित किया गया. समारोह के दौरान विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कृत कर उत्साह बढ़ाया.समापन पर आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों, दर्शकों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल के माध्यम से समाज में एकता और भाईचारे को बढ़ावा देना है.
यह भी पढ़ें: धनबाद: पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ा गुरुद्वारा बैंक मोड़ ने बढ़ाया सहयोग का हाथ