भरनो थाना के पास सड़क सुरक्षा पर बड़ा अभियान, 85 से अधिक लोगों पर लगा जुर्माना
प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार को गुमला जिला प्रशासन द्वारा एक सघन सड़क सुरक्षा जाँच अभियान चलाया गया. गुमला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एनएच 23 रांची गुमला मुख्य मार्ग पर भरनो थाना के समीप यह विशेष पहल जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) ज्ञान शंकर जायसवाल के नेतृत्व में की गई.इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 85 से अधिक वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई और उनसे कुल ₹1,52,000 (एक लाख बावन हजार रुपए) का जुर्माना वसूला गया.
हेलमेट और सीट बेल्ट पर विशेष ध्यान
डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल अपनी टीम एवं पुलिस फोर्स के साथ भरनो थाना के सामने मुख्य मार्गों और चौराहों पर तैनात रहे, जिससे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया.अभियान का मुख्य फोकस दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता और चार पहिया वाहन एवं मालवाहक वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट ड्राइविंग लाइसेंस पर था. इस पहल का प्राथमिक लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना था.डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल ने स्पष्ट किया कि लगातार नियमों को तोड़ने वाले चालकों पर लगाम कसना आवश्यक है.
नियम तोड़ने वाले 85 लोगों पर कार्रवाई
जाँच अभियान के दौरान विभिन्न उल्लंघनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे,दोपहिया वाहनों से संबंधित बिना हेलमेट के गाड़ी चलाना,'ट्रिपल राइडिंग', तेज गति और 'ड्रिंक एंड ड्राइव' के मामले. अमान्य कागज़ात ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस,परमिट, पीयूसी (PUC) और रोड टैक्स जैसे ज़रूरी दस्तावेज़ों के बिना वाहन चलाना. अनाधिकृत हॉर्न प्रेशर हॉर्न और मल्टी-टोन हॉर्न का उपयोग.
ओवरलोडिंग मालवाहक ट्रक
ट्रकों,हाइवा, टेंपो और पिकअप वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सामान लादना.जुर्माने के साथ जागरूकता पर ज़ोर दिया गया.जांच अभियान के दौरान पकड़े गए 85 से अधिक लोगों पर न सिर्फ जुर्माना लगाया गया,बल्कि उन्हें यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया.डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल ने व्यक्तिगत रूप से वाहन चालकों को लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं के गंभीर परिणामों के बारे में समझाया और भविष्य में अनिवार्य रूप से नियमों का पालन करने की हिदायत दी. अधिकारियों ने यह स्पष्ट चेतावनी भी दी है कि भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे. इस सघन जाँच में भरनो थाना प्रभारी कंचन प्रजापति,और डीटीओ कार्यालय के कर्मी एवं भरनो थाना के पुलिस बल प्रमुख रूप से उपस्थित थे.यह अभियान गुमला जिले में सुरक्षित और अनुशासित सड़क परिवहन व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: कतरास के गुजराती-हिन्दी मध्य विद्यालय के शिक्षकों ने दस महीने के बकाया वेतन भुगतान की लगाई गुहार