खूंटी के उलिहातु स्थित बिरसा ओड़ा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर भव्य समारोह
अमित दत्ता/न्यूज11 भारत
खूंटी/डेस्क: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के पावन अवसर पर उनके जन्मस्थली बिरसा ओड़ा में शनिवार को राज्य स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन हुआ. इस अवसर पर झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन संयुक्त रूप से कार्यक्रम में पहुंचे और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने “भगवान बिरसा मुंडा जन्मस्थली बिरसा ओड़ा स्थित जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य” का शिलान्यास किया. इस अवसर पर बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा, जंगल मुंडा और कानू मुंडा विशेष रूप से उपस्थित रहे.शिलापट्ट का अनावरण केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम द्वारा किया गया. मौके पर खूंटी सांसद श्री कालीचरण मुंडा और तमाड़ विधायक श्री विकास कुमार मुंडा भी मौजूद रहे.
पूरे आयोजन स्थल पर हजारों की संख्या में ग्रामीण, युवक-युवतियाँ, महिला समूह और अधिकारी एकत्र हुए. बैंड-बाजे, नृत्य और पारंपरिक गीतों के बीच धरती आबा के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. वातावरण में लोकसंस्कृति और गौरव का रंग झलका.
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के सांस्कृतिक और स्वतंत्रता संग्राम के प्रतीक हैं. वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार बिरसा मुंडा के विचारों पर चलकर आदिवासी अस्मिता और विकास के लिए कार्य कर रही है.बिरसा ओड़ा के सौंदर्यीकरण और विकास कार्य पूरा होने के बाद यह स्थल न केवल धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनेगा, बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी झारखंड की पहचान को नया आयाम देगा.
यह भी पढ़ें: पलामू में जिला समाज कल्याण विभाग में राज्य स्थापना दिवस पर चलाया गया स्वच्छता अभियान