आउटसोर्सिंग से मल्टी टासकिंग स्टाफ की होगी बहाली

बीबीएमकेयू में 249 पद सरेंडर, 371 मल्टी टासकिंग स्टाफ की होगी बहाली

अम्बर कलश तिवारी/न्यूज11  भारत

धनबाद/डेस्क:  बीबीएमकेयू (बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय) धनबाद  के कॉलेजों में आने वाले समय में गैर शैक्षणिक कर्मियों (नन टीचिंग स्टॉफ) के रूप में 371 मल्टी टास्किंग स्टाफ बहाली होगी. साथ ही साथ 249पुराने पदों को समाप्त कर दिया जाएगा. राज्य सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है. नई बहाली के साथ ही बीबीएकेयू मुख्यालय तथा कॉलेजों में स्टॉफ की कमी दूर होगी. राज्य सरकार ने विवि मुख्यालय व कॉलेजों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से 371 मल्टी टासकिंग स्टाफ की नियुक्ति प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह मंजूरी बीबीएमकेयू मुख्यालय, 13 कॉलेजों तथा एक नए डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक पदों के पुनर्गठन (री स्ट्रक्चरिंग) के तहत दी गई है. गैर शैक्षणिक पद विभिन्न कैडर स्थापना कैडर, एकाउंट्स कैडर, लैबोरोट्री कैडर, लाइब्रेरी व स्पोर्ट्स कैडर के होंगे. 

महत्वपूर्ण यह है कि पूर्व से स्वीकृत ग्रुप डी के 249 पदों को सरेंडर कर दिया गया है. इनमें कॉलेजों व विश्वविद्यालय में ग्रुड के पद दफ्तरी, दरवान, वाचमैन, वाटर मैन, गैस मैन, रात्रि प्रहरी, स्वीपर, चालक, गार्ड समेत अन्य पद शामिल है. विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि वर्तमान में कई पद अप्रासंगिक हो गए हैं. इस कारण राज्य सरकार ने शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक पदों के पुनर्गठन करके पदों को संतुलित किया है. इसके बदले मल्टी टासकिंग स्टाफ की सेवा प्राप्त करने का निर्णय लिया गया है. आउटससोर्सिंग कर्मियों को श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से यथा संशोधित पारिश्रमिक दिया जाएगा. 

साइकोलॉजी व अन्य विभागों के लिए शिक्षकों  के 38 पद सृजित 

बीबीएमकेयू में साइकोलॉजी समेत अन्य विभागों में शिक्षकों का पद स्वीकृत नहीं है. राज्य सरकार ने इन विभागों के लिए 38 नए पदों का सृजन करने का  निर्णय लिया है. जनकारों का कहना है कि पुनर्गठन के तहत शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक पदों के सृजन और समापन के फलस्वरूप 3.89 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वार्षिक खर्च अनुमानित है. इसके अतिरिक्त आउटसोर्सिंग से सेवा प्राप्त करने पर 5.35 करोड़ रुपए आ अतिरिक्त वार्षिक व्यय प्रस्तावित बताया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: पुलिस ने गश्ती के दोरान दर्जन से अधिक लोगों को संदिग्धावस्था में पकड़कर छोड़ा