छठ और दीपावली को लेकर पुलिस अलर्ट, बिरनी में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, विदेशी शराब जब्त
गौतम सिंह/न्यूज11 भारत
बिरनी/डेस्क: आगामी छठ और दीपावली पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर बिरनी थाना क्षेत्र के कटरियाटांड़ गांव में संचालित अवैध विदेशी शराब निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया.
उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार को की गई छापामारी में 116 बोतल अवैध विदेशी शराब, 120 लीटर स्पिरिट, 2000 पीस लेबल, 5000 ढक्कन, 1000 होलोग्राम और 3 लीटर केरामल बरामद किए हैं. टीम ने मौके पर शराब निर्माण में उपयोग होने वाले सभी उपकरणों को सील कर लिया.
यह कार्रवाई अवर निरीक्षक (उत्पाद) रवि रंजन के नेतृत्व में की गई, जिसमें गृह रक्षक जवानों समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे.
जांच में पता चला है कि फैक्ट्री का संचालन पवन पासवान द्वारा किया जा रहा था. पुलिस ने उसे मुख्य आरोपी बनाते हुए अग्रेतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
छठ और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और निर्माण पर सख्त निगरानी रखने का आदेश जारी किया है.
यह भी पढ़ें: अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में समय पर मिला इलाज, डॉक्टरों की सूझबूझ से बची 8 वर्षीय बच्ची की जान