लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का निधन, बेटे को 13 की उम्र में बार्सिलोना ले जाकर बदली जिंदगी
अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का 68 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और पिछले कुछ महीनों से उनका इलाज चल रहा था। मेसी के बचपन के क्लब न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज ने शनिवार को उनके निधन की पुष्टि की।
मेसी के सबसे बड़े सहारे
जॉर्ज सिर्फ मेसी के पिता नहीं थे, बल्कि उनके करियर की सबसे मजबूत ताकतों में से एक थे। बचपन की ट्रेनिंग से लेकर दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल क्लबों तक पहुंचने में उन्होंने बेटे का लगातार साथ दिया।
13 की उम्र में बदली जिंदगी
मेसी जब सिर्फ 13 साल के थे, तब जॉर्ज उन्हें बार्सिलोना लेकर गए। यहीं से मेसी के ऐतिहासिक फुटबॉल सफर की शुरुआत हुई और आगे चलकर वे दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में शामिल हुए। जॉर्ज ने दो दशक से ज्यादा समय तक मेसी के एजेंट और सलाहकार की भूमिका निभाई। बार्सिलोना से लेकर PSG और फिर इंटर मियामी तक मेसी के बड़े ट्रांसफर और कॉन्ट्रैक्ट में उनकी अहम भूमिका रही।
क्लब ने झुकाया झंडा
जॉर्ज के निधन पर न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज ने क्लब का झंडा आधा झुका दिया। क्लब ने उन्हें मेसी के शानदार सफर की सबसे अहम ताकतों में से एक बताया। मेसी ने इसी क्लब से बचपन में फुटबॉल की शुरुआत की थी। इसके बाद उनका परिवार उन्हें स्पेन लेकर गया, जहां से उनके शानदार करियर की शुरुआत हुई
जून में मांगी थी प्राइवेसी
जून में मेसी परिवार ने जॉर्ज की खराब तबीयत की जानकारी दी थी। परिवार ने लोगों और मीडिया से अफवाहों से बचने और उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की थी।
मुश्किल दौर में बेटे के साथ
2026 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान भी जॉर्ज की तबीयत चर्चा में रही। अल्जीरिया के खिलाफ गोल करने के बाद मेसी भावुक नजर आए और उन्होंने माना कि पिछले कुछ दिन उनके लिए बेहद मुश्किल रहे थे। मेसी की कहानी में जॉर्ज मेसी की भूमिका सिर्फ एक पिता की नहीं रही। उन्होंने बेटे के टैलेंट को पहचाना, उसे सही मंच तक पहुंचाया और फिर लंबे समय तक उसके प्रोफेशनल करियर को संभाला। उनके निधन के साथ मेसी के जीवन का एक बेहद अहम अध्याय भी खत्म हो गया।