हैदराबाद: युवक के जबरन HIV संक्रमित खून लगाने के बाद युवती ने की आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार
Woman HIV suicide Hyderabad: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक बेहद चौंकाने वाली और संवेदनशील घटना सामने आई है, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक 24 वर्षीय युवती ने एक युवक द्वारा जबरन HIV संक्रमित खून का इंजेक्शन लगाये जाने के कुछ दिनों बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, इस अमानवीय कृत्य के पीछे शादी से इनकार की कहानी जुड़ी हुई है।
[caption id="attachment_146617" align="alignnone" width="1200"]शादी से इंकार पर खौफनाक साजिश
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनोहर, जो पीड़िता का रिश्तेदार है, ने युवती को शादी के लिए प्रस्ताव दिया था। हालांकि, सितंबर 2025 में मेडिकल जांच में उसके HIV पॉजिटिव होने की पुष्टि के बाद युवती के परिवार ने यह रिश्ता तोड़ दिया था। इससे नाराज होकर आरोपी ने बदले की नीयत से 11 मार्च 2026 को युवती के घर में घुसकर उसे जबरन HIV संक्रमित खून का इंजेक्शन लगा दिया।
मानसिक आघात ने तोड़ा हौसला
घटना के बाद से ही युवती गहरे मानसिक तनाव और भय में जी रही थी। HIV से जुड़े सामाजिक कलंक और भविष्य की चिंता ने उसे भीतर तक तोड़ दिया। परिवार ने उसे एक निजी अस्पताल में मानसिक उपचार भी दिलवाया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
घर में फांसी लगाकर दी जान
शुक्रवार सुबह युवती अपनी दादी के घर में फंदे से लटकी हुई मिली। परिजन तुरंत उसे सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का मानना है कि इस अमानवीय घटना का गहरा मनोवैज्ञानिक असर ही उसकी आत्महत्या की वजह बना।
[caption id="attachment_146618" align="alignnone" width="1200"]आरोपी पहले से गिरफ्तार, बढ़ेंगी धाराएं
पुलिस ने आरोपी मनोहर को 15 मार्च को ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। शुरुआत में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब युवती की आत्महत्या के बाद उसके खिलाफ धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने) भी जोड़ी जा सकती है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।