MP BJP President Election 2025: एमपी बीजेपी को जल्द मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष,नामांकन प्रक्रिया आज, हेमंत खंडेलवाल रेस में आगे
आज से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया
MP BJP President Election 2025: मध्य प्रदेश बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने की घड़ी नजदीक आ गई है। आज (मंगलवार) से अध्यक्ष पद के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो रही है। नामांकन पत्र आज शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक भरे जाएंगे। यदि केवल एक उम्मीदवार नामांकन दाखिल करता है, तो आज ही नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा संभव है।
शाम को होगी नामांकन की जांच और सूची जारी
नामांकन दाखिल करने के बाद शाम 6:30 बजे से 7:30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उसके बाद, 7:30 से 8:30 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। अंततः रात 8:30 बजे तक नामांकन की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
कल होगा मतदान और परिणाम की घोषणा
अगर एक से अधिक उम्मीदवार नामांकन करते हैं, तो दो जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरू की जाएगी और दोपहर 2 बजे के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इसी प्रक्रिया के दौरान बीजेपी राष्ट्रीय परिषद के 44 सदस्यों का भी चुनाव संपन्न होगा।
धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में होगी अहम बैठक
केंद्रीय मंत्री और चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान आज शाम 4 बजे भोपाल पहुंचेंगे। बुधवार को प्रदेश बीजेपी कार्यालय में एक अहम बैठक रखी गई है, जिसमें मंत्री, सांसद, विधायक, पदाधिकारी और राष्ट्रीय परिषद सदस्य भाग लेंगे। इस बैठक के बाद पार्टी की ओर से औपचारिक रूप से नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान किया जाएगा।
अध्यक्ष पद की रेस में ये चेहरे सबसे आगे
MP BJP President Election 2025: प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसा.., उनके नाम पर लगभग सभी वरिष्ठ नेताओं ने सहमति जता दी है। यदि पार्टी आदिवासी चेहरा आगे करती है तो बैतूल से सांसद और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके का नाम सामने आ सकता है।तो वहीं महिला उम्मीदवार के रूप में बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस को भी संभावित दावेदार माना जा रहा है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही तस्वीर साफ हो जाएगी।