अन्य

CAFA Nations Cup 2025: भारतीय फुटबॉल टीम की ऐतिहासिक जीत, पहली बार ओमान को हराया!

CAFA Nations Cup 2025: भारतीय फुटबॉल टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार खेले गए CAFA (Central Asian Football Association) नेशंस कप में ओमान को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। ताजिकिस्तान के हिसोर सेंट्रल स्टेडियम में खेले गए इस तीसरे स्थान के मुकाबले में निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में भारत ने 3-2 से जीत दर्ज की। Read More: एशिया कप में कल से आमने सामने होगी 8 टीमें, जानिए भातर-पाक के टॉप प्लेयर्स

भारत बनाम ओमान: कड़ा मुकाबला रहा बराबरी पर..

मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन कोई गोल नहीं हो सका। 55वें मिनट में ओमान के जमीअल अल यहमादी ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, भारत ने दबाव बनाए रखा और 80वें मिनट में उदांता सिंह ने शानदार हेडर से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद मैच अतिरिक्त समय तक खिंच गया। इस दौरान 96वें मिनट में ओमान के अली अल बुसेदी को रेड कार्ड मिला, जिससे टीम 10 खिलाड़ियों तक सीमित रह गई। इसके बावजूद भारत निर्णायक गोल नहीं कर पाया और मुकाबला पेनाल्टी शूटआउट तक पहुंचा।

पेनाल्टी में चमके भारतीय खिलाड़ी...

पेनाल्टी शूटआउट में भारत के लिए लालियानजुआला छांगते, राहुल भेके और जितिन एमएस ने सफलतापूर्वक गोल किए। वहीं, अनवर अली का शॉट ओमान के गोलकीपर ने बचा लिया और उदांता सिंह चूक गए। ओमान की ओर से केवल थानी अल रुशैदी और मुहसन अल घस्सानी ही गोल कर सके। निर्णायक क्षण तब आया जब भारतीय कप्तान और गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने ओमान के अल यहमादी की पेनाल्टी रोक दी। इसी के साथ भारत ने 3-2 से मुकाबला जीतकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

पहली बार भारत ने ओमान को हराया...

यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि भारत ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में पहली बार ओमान को हराया है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 9 मुकाबले खेले गए थे, जिनमें से 6 भारत हार चुका था और बाकी ड्रॉ रहे थे। आखिरी बार दोनों टीमें मार्च 2021 में आमने-सामने हुई थीं, जब मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा था।

ओमान की तुलना में निचली रैंकिंग के बावजूद जीत...

फीफा रैंकिंग में जहां ओमान 79वें स्थान पर है, वहीं भारत 133वें स्थान पर है। इसके बावजूद भारतीय टीम ने दबदबे वाली फुटबॉल दिखाते हुए शानदार वापसी की और ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीता।