अन्य

AFG vs Pak T20 Sharjah 2025: शारजाह में अफगानिस्तान का जलवा, पाकिस्तान को 18 रन से दी मात!

AFG vs Pak T20 Sharjah 2025: शारजाह में खेले गए ट्राई सीरीज t-20 मुकाबले में पाकिस्तान को अफगानिस्तान से 18 रन से करारी हार मिली। हाल ही में अपने देश में आई त्रासदी के बीच यह जीत अफगान खिलाड़ियों के लिए बेहद खास है। अफगानिस्तान की जीत में इब्राहिम जादरान और सिदीकुल्लाह अटल की शतकीय साझेदारी के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी अहम रही। Read More: US Open 2025: सिनर की हार्डकोर्ट पर लगातार 25वीं जीत, क्वार्टर फाइनल में एंट्री!

अफगानिस्तान की पारी – 169 रन

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। चौथे ओवर तक टीम का स्कोर 18 रन था और रहमानुल्लाह गुरबाज 11 रन बनाकर आउट हो चुके थे। इसके बाद इब्राहिम जादरान ने 45 गेंद में 65 रन बनाए और सिदीकुल्लाह अटल ने 45 गेंद में 64 रन बनाए। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 113 रन की शानदार साझेदारी की, जो अफगानिस्तान की टी-20 इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी दूसरी विकेट की साझेदारी रही। 14वें ओवर में सूफियान मुकीम के खिलाफ 20 रन लेकर इस जोड़ी ने मैच का रुख मोड़ दिया। हालांकि इनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका और टीम 20 ओवर में 169 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

पाकिस्तान की गेंदबाजी...

पाकिस्तानी गेंदबाजों में सबसे सफल रहे फहीम अशरफ। उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 4 विकेट झटके। अशरफ ने सेट बल्लेबाज जादरान और अटल दोनों को आउट कर पाकिस्तान को वापसी का मौका दिया।

पाकिस्तान की पारी – 151 रन

170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में फजलहक फारूकी ने सैम अय्यूब को शून्य पर चलता किया। इसके बाद अफगान स्पिनरों ने कमाल दिखाया। राशिद खान, नूर अहमद और मोहम्मद नबी की तिकड़ी ने लगातार विकेट झटके। 62/2 के बाद पाकिस्तान संभलता दिखा, लेकिन आठवें ओवर में मोहम्मद नबी ने फखर जमान (23 रन) को आउट कर अफगानिस्तान की पकड़ मजबूत कर दी। इसके बाद नूर अहमद और राशिद खान ने मिलकर पाकिस्तान का स्कोर 82/6 कर दिया।

हारिस रऊफ की कोशिश...

जब पाकिस्तान 111/9 पर संघर्ष कर रहा था, तब हारिस रऊफ ने 16 गेंदों पर नाबाद 34 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी से टीम का स्कोर 150 से ऊपर पहुंचा, लेकिन जीत दिलाने में वह नाकाम रहे। पाकिस्तान निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन ही बना सका और 18 रन से हार गया।