पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ र

बंगाल में खूनी बवाल: शुभेंदु अधिकारी के PA को बीच सड़क गोलियों से भूना

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद जारी राजनीतिक हिंसा के बीच बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या ने राज्य की सियासत में बड़ा भूचाल ला दिया है। उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में देर रात उनकी कार पर हमला किया गया, जिसमें हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।

जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ अपनी स्कॉर्पियो से गुजर रहे थे, तभी एक संदिग्ध कार काफी देर तक उनका पीछा करती रही। फिर ओवरटेक कर उनकी गाड़ी को धीमा कराया गया और बाइक सवार बदमाशों ने बेहद करीब से फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में उनके शरीर में कई गोलियां लगीं और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित था। चंद्रनाथ रथ की कार का पीछा एक चारपहिया वाहन और एक बाइक कर रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी की स्पीड कम हुई, बाइक सवार हमलावरों ने हमला बोल दिया।घटनास्थल पर करीब 10 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। बीजेपी नेताओं का दावा है कि चंद्रनाथ के शरीर से पांच गोलियां निकाली गईं। गोलियां उनके सीने, पेट और सिर में लगी थीं। हमले में कार चालक भी घायल हुआ है, जिसका इलाज कोलकाता के SSKM अस्पताल में चल रहा है।

बिना नंबर प्लेट की बाइक और Glock पिस्टल का शक

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि हमलावर जिस बाइक पर आए थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं थी। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि आरोपी पहचान छिपाने की तैयारी के साथ पहुंचे थे।जांच में यह भी सामने आया है कि हमले में इस्तेमाल हथियार संभवतः ऑस्ट्रिया निर्मित Glock पिस्टल हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगी। घटनास्थल से खाली कारतूस और जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पश्चिम बंगाल के DGP सिद्धार्थ नाथ गुप्ता ने बताया कि मामले में एक संदिग्ध कार को जब्त किया गया है। कार की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई थी। पुलिस ने वाहन से कारतूस और अन्य सबूत भी बरामद किए हैं।जांच एजेंसियां जेसोर रोड और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस स्थानीय लोगों और चश्मदीदों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान जुटाने में लगी है।

कौन थे चंद्रनाथ रथ?

चंद्रनाथ रथ लंबे समय से शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी माने जाते थे। वे कई महत्वपूर्ण राजनीतिक अभियानों में सक्रिय रहे थे। बीजेपी नेताओं के मुताबिक, उन्होंने भवानीपुर उपचुनाव समेत कई हाई-प्रोफाइल चुनावी अभियानों में अहम भूमिका निभाई थी।बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ पहले भारतीय वायुसेना से भी जुड़े रहे थे और पिछले कई वर्षों से शुभेंदु अधिकारी की टीम का हिस्सा थे।

हत्या पर BJP और TMC आमने-सामने

बीजेपी ने इस हत्या के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है।वहीं तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए घटना की निंदा की है। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। TMC ने कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग भी उठाई है।