बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट का विस्तार हुआ। नीत

सम्राट कैबिनेट का मेगा विस्तार: नीतीश के बेटे निशांत समेत 32 मंत्री बने, मंच पर PM मोदी संग दिखी खास केमिस्ट्री

बिहार की राजनीति में गुरुवार को बड़ा राजनीतिक संदेश देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट का विस्तार किया गया। पटना के गांधी मैदान में आयोजित मेगा कार्यक्रम में कुल 32 मंत्रियों ने शपथ ली। सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की रही, जिन्होंने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत NDA के कई बड़े नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद मंच पर PM मोदी और नीतीश कुमार के बीच हुई मुलाकात भी चर्चा का विषय बन गई।

पहली बार मंत्री बने निशांत कुमार

सम्राट कैबिनेट विस्तार में जेडीयू की ओर से निशांत कुमार को बड़ा मौका मिला। मंच पर पहुंचते ही निशांत ने नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। निशांत कुमार के साथ पहली सूची में श्रवण कुमार, विजय सिन्हा, लेसी सिंह और दिलीप जायसवाल ने भी शपथ ली। राजनीतिक गलियारों में इसे जेडीयू में नई पीढ़ी की एंट्री के तौर पर देखा जा रहा है।

कैबिनेट में किस दल को कितनी हिस्सेदारी?

नई सम्राट कैबिनेट में सहयोगी दलों के बीच संतुलन साधने की कोशिश दिखाई दी।

  • बीजेपी से 15 मंत्री

  • जेडीयू से 13 मंत्री

  • LJP(R) से 2 मंत्री

  • HAM से 1 मंत्री

  • RLM से 1 मंत्री

राजनीतिक रूप से जातीय समीकरण पर भी खास फोकस रखा गया।  

  • EBC वर्ग से 10 मंत्री

  • OBC से 6

  • दलित समुदाय से 7

  • सवर्ण वर्ग से 9

  • मुस्लिम समुदाय से 1 मंत्री शामिल किया गया है।

मंच पर PM मोदी और नीतीश कुमार की चर्चा

शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर नीतीश कुमार को अपने पास बुलाया। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया। इस दौरान नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें हिलाया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

राजनीतिक विश्लेषक इसे NDA के भीतर एकजुटता के संकेत के रूप में देख रहे हैं।

पटना के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा गया। पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कई जगह लंबा जाम देखने को मिला।प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। रास्ते भर समर्थकों ने “मोदी-मोदी” और “जय श्रीराम” के नारे लगाए। गांधी मैदान के आसपास “भगवामय, अंग, बंग और कलिंग” लिखे पोस्टर भी लगाए गए थे।

वंदे मातरम नहीं बजने पर भी चर्चा

कार्यक्रम की शुरुआत सीधे राष्ट्रगान से हुई, जबकि बिहार सरकार के हालिया प्रोटोकॉल के अनुसार पहले राष्ट्रगीत वंदे मातरम बजाया जाना था। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई।हालांकि सरकार की ओर से इस पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

नए चेहरों को मिला मौका

कैबिनेट विस्तार में कई नए चेहरों को शामिल किया गया।

जेडीयू से नए मंत्री

  • निशांत कुमार

  • बुलो मंडल

  • श्वेता गुप्ता

बीजेपी से नए चेहरे

  • मिथिलेश तिवारी

  • रामचंद्र पासवान

  • अरुण शंकर प्रसाद

  • नंद किशोर राम

  • इंजीनियर शैलेंद्र