पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और भाजपा अध्यक्ष सु

पंजाब में हाई अलर्ट: CM भगवंत मान और सुनील जाखड़ को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

पंजाब में हाई अलर्ट: CM भगवंत मान और सुनील जाखड़ को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

पंजाब में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। यह धमकी पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई, जिसमें दोनों नेताओं को पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की तरह निशाना बनाने की बात कही गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

चंडीगढ़ पुलिस ने शुरू की जांच

जानकारी के मुताबिक, धमकी मिलने के तुरंत बाद मामले की जानकारी चंडीगढ़ पुलिस को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। ईमेल में दावा किया गया है कि सुनील जाखड़ को 6 जून तक निशाना बनाया जाएगा। इसके अलावा पंजाब और दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालयों को भी उड़ाने की धमकी दी गई है। फिलहाल पुलिस साइबर एंगल से पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, फोर्स तैनात

धमकी के बाद पंजाब भाजपा मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां पंजाब पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान इस समय दिल्ली दौरे पर हैं, जबकि सुनील जाखड़ पार्टी मुख्यालय में मौजूद बताए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए अलर्ट मोड में हैं।

पंजाब सीएम मान

धमाकों का समय भी बताया गया

धमकी भरे मेल में चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें कथित धमाकों का समय भी बताया गया है। सीएम हाउस में दोपहर 1:11 बजे और भाजपा कार्यालय में रात 9:11 बजे विस्फोट करने की बात कही गई है, हालांकि तारीख का जिक्र नहीं किया गया। मेल में खालिस्तान बनाने की बात करते हुए 1984 के दंगों का भी उल्लेख किया गया है।

गौरतलब है कि हाल ही में जालंधर और अमृतसर में विस्फोट की घटनाएं सामने आई थीं। जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के बाहर और अमृतसर के खासा क्षेत्र में हुए धमाकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। हालांकि इन घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ था।

लगातार घटनाओं से सियासी घमासान

इसके अलावा 27 अप्रैल को पटियाला के शंभू इलाके में रेल ट्रैक पर धमाका हुआ था, जिसमें ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल के चार सदस्यों की गिरफ्तारी हुई थी। इन घटनाओं के बाद विपक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हालिया धमाकों को मामूली बताते हुए भाजपा पर डर का माहौल बनाने का आरोप लगाया था।