पुणे में 4 साल की बच्ची के साथ रेप और हत्या, CM बोले - सरकार फांसी की मांग करेगी
महाराष्ट्र के पुणे के नसरापुर इलाके में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। बच्ची के साथ हुई इस वारदात के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों ने सख्त कार्रवाई की मांग की। आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और उसे आज दोपहर 3 बजे अदालत में पेश किया गया। सरकार और प्रशासन पर दबाव बढ़ता देख मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बच्ची के साथ रेप
बता दे 65 साल व्यक्ति ने 4 साल की बच्ची से रेप के बाद पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, बच्ची पुणे के भोर तहसील में रहने वाली अपनी नानी के यहां गर्मी की छुट्टियां बिताने आई थी। आरोपी भीमराव कांबले शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर के पास बने तबेले में ले गया। वहां बच्ची से रेप करने के बाद पत्थर के कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
तबेले में मिला शव
काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी, तो उसकी तलाश शुरू की। कुछ लोगों ने तबेले में बच्ची को तलाशा तो उसका शव मिला। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की तलाश की तो एक फुटेज में आरोपी बच्ची को तबेले की ओर ले जाता हुआ नजर आया। पुलिस ने तुरंत भीमराव कांबले को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।
फांसी की मांग
महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और MCP (SP) नेता अनिल देशमुख ने मामले में आरोपी के लिए फांसी और मामला की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की थी। इसके बाद महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराएगी और अपराधी के लिए फांसी की मांग करेगी।