भारत को मिला नया CDS, एनएस राजा सुब्रमणि संभालेंगे तीनों सेनाओं की जिम्मेदारी, कृष्णा स्वामीनाथन नौसेना की कमान
भारत सरकार ने रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वे मौजूदा CDS अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है। इसके साथ ही सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को अगला नौसेना प्रमुख नियुक्त करने का भी ऐलान किया है।
एनएस राजा सुब्रमणि देश के तीसरे CDS होंगे
एनएस राजा सुब्रमणि देश के तीसरे CDS होंगे। फिलहाल वे नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटरिएट (NSCS) में मिलिट्री एडवाइजर के तौर पर कार्यरत हैं। उनकी नियुक्ति को भारत की सैन्य रणनीति और तीनों सेनाओं के संयुक्त समन्वय के लिए अहम माना जा रहा है।
1985 में गढ़वाल राइफल्स से शुरू हुआ सैन्य सफर
एनएस राजा सुब्रमणि ने दिसंबर 1985 में गढ़वाल राइफल्स से भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया था। उन्होंने National Defence Academy से प्रशिक्षण लिया और बाद में ब्रिटेन के ब्रैकनेल स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में भी अध्ययन किया।उन्होंने दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज से उच्च सैन्य शिक्षा हासिल की। इसके अलावा लंदन के किंग्स कॉलेज से मास्टर ऑफ आर्ट्स और मद्रास यूनिवर्सिटी से डिफेंस स्टडीज में एमफिल की डिग्री भी प्राप्त की।
जम्मू-कश्मीर से कजाकिस्तान तक निभाई अहम जिम्मेदारियां
करीब 39 साल लंबे सैन्य करियर में सुब्रमणि ने कई संवेदनशील और रणनीतिक जिम्मेदारियां संभालीं। वे कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना स्थित भारतीय दूतावास में सैन्य मामलों के अधिकारी भी रहे।उन्होंने जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स सेक्टर के डिप्टी कमांडर के रूप में काम किया। इसके अलावा ईस्टर्न कमांड में कर्नल जनरल स्टाफ (ऑपरेशंस) और आर्मी हेडक्वार्टर में असिस्टेंट मिलिट्री सेक्रेटरी की जिम्मेदारी भी संभाली।
सांबा ब्रिगेड से लेकर वाइस चीफ तक का सफर
ब्रिगेडियर बनने के बाद एनएस राजा सुब्रमणि ने जम्मू-कश्मीर के सांबा क्षेत्र में 168 इन्फैंट्री ब्रिगेड की कमान संभाली। बाद में वे डिप्टी डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री इंटेलिजेंस (DDGMI) भी बने।साल 2023 में उन्होंने सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पद संभाला। इसके बाद उन्हें भारतीय सेना का 47वां वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ नियुक्त किया गया। 31 जुलाई 2025 को वे इस पद से रिटायर हुए थे।देश के लिए उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
कौन हैं नए नौसेना प्रमुख कृष्णा स्वामीनाथन?
वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन फिलहाल मुंबई स्थित वेस्टर्न नेवल कमांड के प्रमुख हैं। वे 31 मई को नौसेना प्रमुख का पदभार संभालेंगे। भारतीय नौसेना में उन्हें रणनीतिक और ऑपरेशनल मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है।
क्या होता है CDS और क्यों अहम है यह पद?
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ यानी CDS देश की तीनों सेनाओं आर्मी, नेवी और एयरफोर्स के बीच समन्वय स्थापित करने वाला सबसे वरिष्ठ सैन्य अधिकारी होता है। यह चार-स्टार रैंक का पद है।CDS, रक्षा मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स (DMA) का प्रमुख भी होता है। उसका काम तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त रणनीति तैयार करना, सैन्य खरीद और लॉजिस्टिक्स में तालमेल बनाना और सरकार को रक्षा मामलों में सलाह देना होता है।भारत में यह पद दिसंबर 2019 में बनाया गया था। Bipin Rawat देश के पहले CDS बने थे।
CDS और सेना प्रमुखों में क्या अंतर होता है?
CDS सीधे किसी सेना का ऑपरेशनल कमांडर नहीं होता। आर्मी, नेवी और एयरफोर्स की कमान उनके-अपने प्रमुखों के पास रहती है। CDS का मुख्य काम तीनों सेनाओं और सरकार के बीच समन्वय स्थापित करना होता है।रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, आधुनिक युद्ध और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए CDS की भूमिका भारत की सैन्य तैयारी और संयुक्त ऑपरेशंस के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।