मन की बात के 133वें एपिसोड में पीएम मोदी ने जनगणना

पीएम मोदी की मन की बात की बढ़ी बातें, जनगणना को कहा दुनिया का सबसे बड़ा अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए जनगणना, पर्यावरण, पवन ऊर्जा और पूर्वोत्तर के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत में इस समय दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना का अभियान चल रहा है।पीएम मोदी के अनुसार, अब तक लगभग 1 करोड़ 20 लाख घरों की लिस्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है और यह प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

जनगणना में स्व-गणना की सुविधा

प्रधानमंत्री ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को और सरल बनाया गया है। नागरिक अब स्वयं भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। कर्मचारी के आने से करीब 15 दिन पहले यह सुविधा शुरू होगी।जानकारी दर्ज करने के बाद एक विशेष आईडी प्राप्त होगी, जिसे बाद में कर्मचारी को दिखाकर सत्यापन किया जा सकेगा। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी।

बुद्ध पूर्णिमा पर शुभकामनाएं

पीएम मोदी ने आगामी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर देशवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गौतम बुद्ध के संदेशों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए कहा कि शांति और आत्मविजय जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण

प्रधानमंत्री ने गुजरात के कच्छ क्षेत्र का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां हर साल लाखों फ्लेमिंगो पक्षी आते हैं, जिससे पूरा इलाका गुलाबी रंग में रंग जाता है। स्थानीय लोग इन्हें ‘लाखा जी के बाराती’ कहते हैं। यह पर्यावरण संरक्षण का सुंदर उदाहरण है।

पवन ऊर्जा में भारत की प्रगति

पीएम मोदी ने कहा कि भारत पवन ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की विंड एनर्जी क्षमता 56 गीगावॉट से अधिक हो चुकी है और पिछले एक वर्ष में लगभग 6 गीगावॉट नई क्षमता जुड़ी है।गुजरात, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और राजस्थान इस क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। इन राज्यों में रिन्यूएबल एनर्जी पार्क के विकास से रोजगार और कौशल के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

बांस सेक्टर में बदलाव का असर

प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर भारत में बांस उद्योग के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में बांस को पेड़ की श्रेणी से बाहर करने के बाद इस क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। अब पूरे नॉर्थईस्ट में बांस आधारित उद्योग फल-फूल रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है।पीएम मोदी ने कहा कि जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा के क्षेत्र में भारत लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है, जो देश के विकास को नई दिशा दे रही हैं।