1 मई 2026 से कमर्शियल LPG सिलेंडर 993 रुपये और 5 क

मई के पहले दिन महंगाई का बड़ा झटका, 19Kg LPG सिलेंडर 993 रुपये महंगा

मई 2026 की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए महंगाई के बड़े झटके के साथ हुई है। सरकारी तेल कंपनियों ने 1 मई से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही 5 किलो वाले LPG सिलेंडर के दाम भी 261 रुपये बढ़ गए हैं।नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर अब 3071.50 रुपये का हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

दिल्ली समेत कई शहरों में 3000 रुपये पार हुआ सिलेंडर

ANI के मुताबिक, 1 अप्रैल 2026 तक दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर 2078.50 रुपये का था। अब इसमें 993 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 3071.50 रुपये पहुंच गई है।इस फैसले के बाद मुंबई, चेन्नई और कोलकाता समेत देश के कई बड़े शहरों में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें 3000 रुपये के पार चली गई हैं।

5 किलो वाला LPG सिलेंडर भी हुआ महंगा

सरकारी सूत्रों के अनुसार, 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 261 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।अब तक 549 रुपये में मिलने वाला 5 किलो सिलेंडर बढ़कर 810 रुपये का हो गया है। यह सिलेंडर खासतौर पर छोटे परिवारों, मजदूरों और अस्थायी कामगारों को ध्यान में रखकर उपलब्ध कराया जाता है।

घरेलू रसोई गैस की कीमतों में फिलहाल राहत

कमर्शियल LPG के दाम में भारी बढ़ोतरी के बावजूद घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

फिलहाल प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम इस प्रकार हैं—

  • दिल्ली: 913 रुपये

  • मुंबई: 912.50 रुपये

  • चेन्नई: 928.50 रुपये

  • कोलकाता: 939 रुपये

घरेलू सिलेंडर के दाम में आखिरी बार 7 मार्च 2026 को बदलाव किया गया था।

होटल, ढाबे और स्ट्रीट फूड पर दिख सकता है असर

कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा होने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और फूड कारोबार पर पड़ सकता है। आने वाले दिनों में खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।विशेषज्ञों का मानना है कि चाय, समोसा, नाश्ता और स्ट्रीट फूड जैसी रोजमर्रा की चीजें भी महंगी हो सकती हैं, क्योंकि छोटे कारोबारी बड़े पैमाने पर कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं।

ईरान-अमेरिका तनाव का भी असर

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते होर्मुज रूट प्रभावित हुआ है। भारत बड़े स्तर पर इसी रास्ते से तेल और गैस आयात करता रहा है।आपूर्ति प्रभावित होने के कारण भारत को दूसरे स्रोतों से गैस और तेल खरीदना पड़ रहा है, जिससे लागत बढ़ी है। इसी दबाव का असर अब LPG कीमतों में दिखाई दे रहा है।