दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, स्विस विमान से धुआं उठने पर इमरजेंसी लागू
देश की राजधानी दिल्ली में रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा टल गया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर ज्यूरिख जा रही स्विस एयर की फ्लाइट के लैंडिंग गियर से अचानक धुआं उठने लगा, जिसके बाद पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया।घटना के बाद एयरपोर्ट पर ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई और सभी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
232 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
अधिकारियों के अनुसार, विमान में कुल 232 लोग सवार थे। स्थिति को देखते हुए सभी 7 इमरजेंसी एग्जिट खोल दिए गए और यात्रियों को स्लाइड के माध्यम से बाहर निकाला गया।इस दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बनी, जिसमें 4 यात्री घायल हो गए। इनमें से 3 को गंभीर चोटें आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक का इलाज एयरपोर्ट मेडिकल सेंटर में किया गया।
लैंडिंग गियर से उठा धुआं
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, विमान के बाएं लैंडिंग गियर से गहरा धुआं निकलता देखा गया। पायलट और क्रू मेंबर्स की सतर्कता के कारण समय रहते उड़ान को रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और किसी भी संभावित आग की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तैनात रहीं।
जांच के बाद सामने आएगी असली वजह
प्राथमिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल पाएगा।
क्राइसिस मैनेजमेंट सिस्टम हुआ सक्रिय
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट ऑपरेटर ने क्राइसिस मैनेजमेंट सेंटर और मल्टी एजेंसी रिस्पांस टीम को सक्रिय कर दिया। यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।समय पर की गई कार्रवाई और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन के चलते एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जिससे यात्रियों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।