4 मई को बंगाल में बीजेपी: अमित शाह का बड़ा दावा, 152 में 110 सीटों का अनुमान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण की वोटिंग के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा राजनीतिक दावा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में रिकॉर्ड मतदान बदलाव का संकेत है और भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने जा रहा है।
‘152 में 110 सीटें जीतने का दावा’
अमित शाह ने कहा कि उनके पास उपलब्ध फीडबैक के अनुसार पहले चरण की 152 सीटों में से BJP 110 से अधिक सीटें जीत रही है। उन्होंने इसे “भय से भरोसे की यात्रा” बताते हुए कहा कि राज्य में राजनीतिक परिवर्तन तय है.शाह के मुताबिक, मतदान प्रतिशत यह दर्शाता है कि लोगों का लोकतंत्र पर विश्वास मजबूत हुआ है और मतदाताओं ने बिना डर के अपने अधिकार का इस्तेमाल किया है।
मतदाताओं का जताया आभार
गृह मंत्री ने पहले चरण में मतदान करने वाले सभी मतदाताओं का धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग, सुरक्षा बलों और मतदान कर्मियों की भूमिका की सराहना की।उन्होंने दूसरे चरण के मतदाताओं से भी बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की, ताकि लोकतंत्र को और मजबूत किया जा सके।
‘अंग, बंग और कलिंग में BJP सरकार’
अमित शाह ने अपने बयान में कहा कि आने वाले समय में “अंग, बंग और कलिंग” तीनों क्षेत्रों में BJP की सरकार बनने जा रही है। यह बयान पूर्वी भारत में पार्टी के विस्तार के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। शाह ने कहा कि पहले चरण की वोटिंग में ही जनता ने अपना मूड स्पष्ट कर दिया है। उनके अनुसार, यह चुनाव “परिवर्तन का जनादेश” बनता जा रहा है और राज्य में नई राजनीतिक दिशा तय होने वाली है।