देश-विदेश

मानसून 2025: बिहार से हिमाचल तक बाढ़ का कहर, 10 लाख लोग बेहाल

नदियां रास्ता भूल गईं और शहर डूबने लगे

2025 का मानसून भारत के लिए सिर्फ बारिश का मौसम नहीं, बल्कि डर, नुकसान और इंतजार का मौसम बन गया है। बिहार से लेकर हिमाचल और उत्तराखंड तक, बारिश अब सिर्फ बादलों की कृपा नहीं रही — वो एक आफ़त बनकर बरस रही है। बिहार के 7 जिले बुरी तरह से बाढ़ की चपेट में हैं। 10 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। पटना की गलियों में अब पानी बह रहा है, खेतों में खड़ी फसलें बह चुकी हैं, और गंगा अब घरों की दहलीज तक आ पहुँची है।

बिहार: जब नदी ने ज़मीन छीन ली

भागलपुर में गंगा ने एक मकान को जड़ से उखाड़ दिया। वीडियो वायरल हुआ — घर भरभराकर नदी में समा गया। 24 पंचायतें जलमग्न हैं, और कई गांवों में नाव ही अब इकलौता रास्ता है। एक मां ने बताया
"बेटी की शादी अगले हफ्ते थी, अब घर ही नहीं बचा। पहले बारिश से डरते नहीं थे, अब हर बादल डराता है।"
गंगा, घाघरा, कोसी, बागमती जैसी 10 नदियां अब अपने किनारे छोड़ चुकी हैं।

 उत्तर प्रदेश: 22 घंटे पेड़ पर बैठा रहा युवक

मुरादाबाद में रामगंगा नदी में एक युवक बाइक समेत बह गया। लेकिन किस्मत ने उसका साथ दिया — वो 22 घंटे एक पेड़ की शाखा पर बैठा रहा, बिना खाना, बिना पानी। आखिरकार रेस्क्यू टीम उसे निकाल पाई। यूपी के 54 जिलों में बारिश, और 20 जिलों में अलर्ट जारी है। अयोध्या में सरयू उफान पर है, नावें गांवों में चल रही हैं।

 हिमाचल: पहाड़ खिसक रहे हैं, सड़कें बंद

360 से ज्यादा सड़कें बंद हो चुकी हैं। 116 मौतें हो चुकी हैं मानसून सीजन में। औट-सैंज हाईवे, NH-305, landslide के कारण बंद पड़ा है। शिमला में घना कोहरा और बारिश का मिलाजुला असर, पूरे राज्य को ठप कर चुका है। 37 लोग अब भी लापता हैं।

 उत्तराखंड: हज़ारों की ज़िंदगी रेस्क्यू टीमों के हवाले

उत्तरकाशी, हर्षिल, धराली — जहां कभी सैलानी फोटो खींचते थे, अब वहां हेलीकॉप्टर से खाना फेंका जा रहा है। अब तक 1,000 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। चलोली में पेड़ गिरने से रास्ते बंद हो चुके हैं। पुलिस ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है।

 बाकी राज्यों में भी खतरे की घंटी

  • मध्य प्रदेश में 13 अगस्त से बंगाल की खाड़ी में नया लो प्रेशर सिस्टम एक्टिव होगा। जबलपुर, रीवा, सागर संभाग के जिलों में भारी बारिश की संभावना।
  • छत्तीसगढ़ में तेज उमस के बाद 48 घंटों में भारी बारिश का अनुमान।
  • झारखंड में बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी।
  • दिल्ली में यमुना फिर खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है।
Read More:- भारत पाक एयरस्पेस विवाद: पाकिस्तान को ₹127Cr का नुकसान Watch Now :-चांडिल स्टेशन पर दो मालगाड़ियों की टक्कर का LIVE video