Wimbledon 2026: एलेक्जेंड्रा ईला ने डिफेंडिंग चैंपियन इगा स्वियातेक को किया बाहर, तीन साल पुरानी सीख का दिया यादगार जवाब
विंबलडन 2026 में शनिवार को महिला एकल वर्ग का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। फिलीपींस की 21 वर्षीय युवा टेनिस स्टार एलेक्जेंड्रा ईला ने सेंटर कोर्ट पर डिफेंडिंग चैंपियन और दुनिया की तीसरी वरीयता प्राप्त इगा स्वियातेक को 7-6 (9), 6-2 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ ईला किसी भी ग्रैंड स्लैम के महिला या पुरुष एकल वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली फिलीपींस की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।
जीत के बाद भावुक हुईं ईला, देश और परिवार को किया समर्पित
जैसे ही जीत पक्की हुई, ईला भावुक होकर कोर्ट पर घुटनों के बल बैठ गईं। मुकाबले के बाद उन्होंने कहा, "अपने देश के लोगों का समर्थन मेरे लिए बेहद खास है। यह जीत मैं अपने परिवार, अपने देश और उन सभी छोटी लड़कियों को समर्पित करती हूं, जो बड़े सपने देखने का साहस रखती हैं।"
उन्होंने अपने बचपन को याद करते हुए बताया कि स्कूल के बाद रफल्ड मोजे और लाइट वाले जूते पहनकर रोज अभ्यास के लिए जाती थीं। उनके मुताबिक, आज की सफलता वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम है।
तीन साल पहले स्वियातेक ने दी थी प्रेरणा
इस जीत की सबसे खास बात यह रही कि तीन साल पहले राफेल नडाल अकादमी में ग्रेजुएशन समारोह के दौरान इगा स्वियातेक ने ही एलेक्जेंड्रा ईला को ग्रेजुएशन डिप्लोमा सौंपा था। उस अवसर पर स्वियातेक ने अपने संबोधन में कहा था, "जो भी करना, उसमें अपना 100 प्रतिशत देना।"
ईला ने अब उसी प्रेरणा को यादगार अंदाज में साकार करते हुए कोर्ट पर अपनी आदर्श खिलाड़ी को मात दे दी।
टाईब्रेक से बदला मैच का रुख
करीब दो घंटे 15 मिनट तक चले मुकाबले में पहला सेट बेहद रोमांचक रहा। टाईब्रेक के दौरान ईला ने दो सेट प्वाइंट बचाए और 7-6 (9) से बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद दूसरे सेट में उन्होंने आक्रामक टेनिस खेलते हुए स्वियातेक को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 6-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
यह ईला की स्वियातेक पर दूसरी जीत भी है। इससे पहले वह पिछले वर्ष मियामी ओपन में भी पोलिश स्टार को हराने में सफल रही थीं। अब प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका सामना 13वीं वरीयता प्राप्त जैस्मिन पाओलिनी से होगा।
संघर्ष से शिखर तक का सफर
फिलीपींस में ग्रास कोर्ट की सुविधा नहीं होने के कारण ईला ने अपने शुरुआती दिनों में बास्केटबॉल कोर्ट पर अभ्यास किया। उन्होंने बताया कि कोर्ट पर लगे बास्केटबॉल हूप्स की वजह से पीछे हटने की भी पर्याप्त जगह नहीं होती थी, लेकिन सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को कभी छोटा नहीं होने दिया।
रायबाकिना और अनिसिमोवा भी हुईं बाहर
महिला एकल के अन्य मुकाबलों में दूसरी वरीयता प्राप्त और 2022 की चैंपियन एलेना रायबाकिना को बेल्जियम की एलिस मर्टेंस ने 7-6 (7-4), 6-1 से हराया। वहीं पिछले साल की उपविजेता अमांडा अनिसिमोवा को मैडिसन कीज ने 3-6, 6-2, 6-3 से मात देकर बाहर का रास्ता दिखाया। स्वियातेक की हार के साथ यह सिलसिला भी जारी रहा कि 2016 में सेरेना विलियम्स के बाद कोई भी महिला खिलाड़ी लगातार दो बार विंबलडन खिताब का सफलतापूर्वक बचाव नहीं कर सकी है।