यूक्रेन ने रूस की 2 तेल रिफाइनरियों पर किया हमला, जहाजों को भई बनाया निशाना
रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी 2022 से युद्ध जारी है जो थमने का नाम नहीं ले रहा। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेन ने रूस की 2 तेल रिफाइनरियों पर हमला किया है। जेलेंस्की के मुताबिक, यूक्रेनी सेना ने यारोस्लावल की स्लावनेफ्ट-यानोस रिफाइनरी और बश्कोर्तोस्तान की बाशनेफ्ट-नोवोइल रिफाइनरी को निशाना बनाया।
जहाजों को बनाया निशाना
इससे पहले खबर आई थी कि यारोस्लावल तेल रिफाइनरी से काला धुआं उठता दिखाई दिया था। यह घटना यूक्रेनी ड्रोन हमले के बाद हुई। यारोस्लावल के गवर्नर मिखाइल एव्रायेव ने कहा कि यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट कर दिया। हालांकि, ड्रोन के मलबे के गिरने से 3 घरों में आग लग गई। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यह भी दावा किया कि यूक्रेन ने काला सागर में रूस की 2 सैन्य गश्ती नौकाओं और रूस के 'शैडो फ्लीट' से जुड़े कुछ जहाजों को भी निशाना बनाया है।
आपातकालीन सेवाएं आग बुझाने में लगी
उधर, रूस की तरफ से हमलों की पुष्टि की। रूस के यारोस्लावल स्थित स्लावनेफ्ट-यानोस तेल रिफाइनरी को निशाना बनाकर किए गए हमले में 4 लोगों के घायल होने की खबर है। हमले के बाद शहर के ऊपर काले धुएं के बड़े बादल दिखाई दिए। क्षेत्रीय गवर्नर मिखाइल एव्रायेव ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा कि हमले में किसी की मौत नहीं हुई, लेकिन 4 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि तेल रिफाइनरी के स्टोरेज टैंक को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद वहां आग लग गई। आपातकालीन सेवाएं आग बुझाने के काम में लगी हुई है।