बारामती में ट्रेनर प्लेन रनवे से फिसला, पायलट और कैडेट सुरक्षित
महाराष्ट्र के बारामती एयरफील्ड पर ट्रेनिंग एक्सरसाइज के दौरान ट्रेनर प्लेन रनवे से फिसल गया। पुणे के SP के मुताबिक, प्लेन में कैप्टन चिराग शशिकांत डोइफोडे और कैडेट अभिजीत जूंद्रे सवार थे। दोनों सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
क्रैश की खबरें को खारिज
घटना के तुरंत बाद प्लेन के क्रैश होने की खबरें आई। हालांकि, डिप्टी CM और बारामती विधायक सुनेत्रा पवार ने क्रैश की खबरों को खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि प्लेन रनवे पर ही था और टर्न लेते वक्त एक पहिया किनारे पर फंस गया। इसके अलावा कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है। पुणे पुलिस के मुताबिक, ट्रेनर प्लेन में सर्किट और लैंडिंग इमरजेंसी की ट्रेनिंग कराई जा रही थी। इसी दौरान वह रनवे-29 के अंतिम हिस्से से आगे निकल गया। इसके बाद पक्के रनवे से बाहर चला गया।
हादसे का कारण क्या?
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। शुरुआती जानकारी में रनवे एक्सकर्शन यानी विमान के रनवे की तय सीमा से बाहर निकलने की घटना बताया गया है। हादसे की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और मामले की जांच हो रही है। बता दे इसी साल 28 जनवरी को सुनेत्रा पवार के पति और महाराष्ट्र के तत्कालीन डिप्टी CM अजित पवार का विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया था। हादसे में अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हुई थी।