कुम्हार टोली स्थित ऋषि काली मंदिर में दो दिवसीय काली पूजा का भव्य समापन
अमित दत्ता/न्यूज11 भारत
बुंडू/डेस्क: कुम्हार टोली स्थित ऋषि काली मंदिर परिसर में काली पूजा के पावन अवसर पर आयोजित दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन भक्तिभाव, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ. आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और विशिष्ट अतिथि शामिल हुए. पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना रहा.
पहले दिन की शुरुआत मां काली की महाआरती, पारंपरिक पूजन और भजन-कीर्तन से हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था और उमंग से भाग लिया. दूसरे दिन प्रातःकाल से महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें मां को अर्पित किए गए फल, लड्डू, खीर-पूड़ी और खिचड़ी भक्तों के बीच वितरित किए गए. संध्या बेला में कोलकाता और जमशेदपुर से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भक्ति नृत्य-नाट्य कार्यक्रम ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया.
इस अवसर पर बुंडू अनुमंडल पदाधिकारी किस्टो कुमार बेसरा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश, महिला थाना प्रभारी खुशबू वर्मा, बुंडू प्रमुख राजकुमार बिनझियां फेकला सहित समाजसेवी अरुण जैन, प्रमोद सिंह और रोशन महतो ने कार्यक्रम में शिरकत की. अनुमंडल पदाधिकारी ने अपने संबोधन में आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी एकता, समरसता और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देते हैं.
कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक गणेश कुम्हार, विशिष्ट संरक्षक अरुण कुमार जैन, मंच संचालन राजीव लोचन महतो और उज्ज्वल चंद्र धीवर ने किया. समिति की ओर से धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष महावीर कुम्हार ने किया. उन्होंने सचिव शोभित जायसवाल, उपाध्यक्ष सुधीर, बुधन, बुधराम, विनोद कुम्हार, सूरज भगत, उत्तम, सूरज, रामसिंगर सहित सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और कुम्हार टोली की माताओं, बहनों, युवाओं तथा बच्चों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया.
अध्यक्ष महावीर कुम्हार ने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग, निष्ठा और परिश्रम से ही यह आयोजन ऐतिहासिक और सफल बन पाया है. उन्होंने अगली बार और भी व्यापक स्तर पर आयोजन करने का संकल्प भी व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें: खाड़ी देशों में नौकरी दिलाने के नाम पर 40 युवकों से लाखों की ठगी