कश्मीर के अनंतनाग में आतंकी हमला, पुलिस हेड कॉन्स्टेबल की मौत, द रेजिस्टेंस फ्रंट ने ली जिम्मेदारी
कश्मीर स्थित अनंतनाग के लाल चौक इलाके में बुधवार को आतंकियों ने हमला किया। इसमें हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे आतंकियों ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग की। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग की। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी जख्मी हुए। उन्हें तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
द रेजिस्टेंस फ्रंट ने ली जिम्मेदारी
घटना के बाद आतंकी भाग गए। लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट ने हमले की जिम्मेदारी ली। जिस जगह फायरिंग हुई, वह इलाके का मुख्य बाजार है। यहां आम दिनों में भी ज्यादा भीड़ रहती है। घटना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे लाल चौक और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी। अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर भेजे गए और आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सभी रास्तों पर नाकेबंदी
इलाके में आने-जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर गाड़ियां और लोगों की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले में कितने आतंकी शामिल थे और गोली चलने के बाद वे किस दिशा में भागे। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में नियंत्रण रेखा पर 17 जुलाई की रात संदिग्ध गतिविधि देख सेना ने फायरिंग की। अधिकारियों के अनुसार, तारकुंडी फॉरवर्ड इलाके में रात करीब 10 बजे सैनिकों ने कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधि देखी, जिसके बाद फायरिंग की।