संगम विहार, दक्षिण दिल्ली में पत्नी ने प्रेमी के स

नींद की गोली खिलाई, करंट लगाया, फिर रस्सी से घोंटा गला; पत्नी ने प्रेमी संग रची पति के कत्ल की खौफनाक साजिश

नींद की गोली खिलाई, करंट लगाया, फिर रस्सी से घोंटा गला; पत्नी ने प्रेमी संग रची पति के कत्ल की खौफनाक साजिश

दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक शख्स की हत्या की ऐसी साजिश का बुधवार को खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर पति मुन्नालाल की हत्या की साजिश रची। कथित तौर पर पांच लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की योजना बनाई गई थी। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी मंजू समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मंजू ने पहले पति को नींद की गोली खिलाई। इसके बाद उसे करंट लगाया गया। जब इससे भी मुन्नालाल की मौत नहीं हुई तो आरोपियों ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया। वारदात के बाद हत्या को चोरी का मामला दिखाने की कोशिश की गई।

पहले नींद की गोली, फिर करंट से मारने की कोशिश

जांच में पुलिस को पता चला कि मुन्नालाल की हत्या की कथित साजिश उसकी पत्नी मंजू ने रची थी। योजना के तहत पहले उसे नींद की गोलियां दी गईं, ताकि वह बेहोश हो जाए। इसके बाद उसे करंट लगाया गया।

पुलिस के मुताबिक, करंट लगाने के बावजूद जब मुन्नालाल की मौत नहीं हुई तो आरोपियों ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया। इस तरह हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

पांच लाख की सुपारी, वारदात के बाद दिए 20 हजार

पुलिस जांच में सामने आया है कि मंजू ने पति की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद उसने आरोपी को 20 हजार रुपये दिए थे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए मंजू ने दावा किया कि चोरों ने उसके पति की हत्या कर दी है। हालांकि, जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को उसकी कहानी पर संदेह हुआ और साजिश की परतें खुलने लगीं।

पति की हत्या के बाद रची चोरी की कहानी

पुलिस ने बताया कि वारदात के पीछे पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपी की भूमिका सामने आई है। आरोपियों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने की भी कोशिश की।

संगम विहार थाना पुलिस की टीम ने जांच के दौरान कई अहम सुराग जुटाए। इसके बाद मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई रस्सी और अन्य सामान भी बरामद किया है।

DCP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा

दक्षिण दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि संगम विहार थाना एसएचओ गुरसेवक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हत्या की गुत्थी सुलझाई।

दिल्ली पुलिस

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश, सुपारी की रकम और वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस का दावा है कि मुन्नालाल की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई और बाद में इसे चोरी की वारदात का रूप देने की कोशिश हुई।