बंगाल की खाड़ी में भारत की ओर से 3550 किमी में नो फ्लाई जोन
बंगाल की खाड़ी में भारत की ओर से 3550 किमी में नो फ्लाई जोन
नई दिल्ली। भारत ने अपनी सामरिक शक्ति को और बढ़ाने के प्रयास के तहत मिसाइल परीक्षण के लिए बंगाल की खाड़ी में 'नोटिस टू एयरमेन' (नोटम) का ऐलान किया है। यह नोटम 15 से 17 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। इस वजह से 3550 किलोमीटर के दायरे को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित कर दिया गया है। इसे लेकर नोटम के अलावा मैरिटाइम सिक्योरिटी नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है।
लॉन्ग-रेंज बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण संभव
रिपोर्टों के अनुसार, वहां लॉन्ग-रेंज बैलिस्टिक मिसाइल, अग्नि सीरीज मिसाइल या किसी एडवांस्ड स्ट्रैटेजिक वेपन सिस्टम से जुड़ा परीक्षण किया जा सकता है। इस सूचना में जिस कॉर्डिनेट्स और क्षेत्र का जिक्र है, वह उन मिशनों से मेल खाता है जो भारत की ओर से अग्नि सीरीज या क्रूज और हाइपरसोनिक व्हिकल टेस्टिंग के दौरान उपयोग किए जाते हैं। 2000 किमी से ज्यादा दूरी वाले क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित करने से लगता है कि इस बार कोई नई टेक्नोलॉजी, बेहतर गाइडेंस सिस्टम से जुड़ा परीक्षण किया जा सकता है।
संभवत: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से हो परीक्षण
इस परीक्षण से न केवल रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी, बल्कि दुश्मन भी भारत की ओर नजर उठाने से डरेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत नियमित रूप से नोटम जारी करता है, ताकि हवाई और समुद्री यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। आमतौर पर रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) और स्ट्रैटेजिक फोर्सेज कमांड (एसएफसी) संयुक्त रूप से इस तरह के अभियान पर काम करते हैं। बताया जा रहा है कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप (ओडिशा तट) से यह परीक्षण किया जाएगा।