बुंडू सूर्य मंदिर परिसर में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न
अमित दत्ता/न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: प्रधान नगर स्थित सूर्य मंदिर परिसर के प्रार्थना भवन में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बुंडू एसडीओ किष्टो कुमार बेसरा ने की. बैठक में संस्कृति विहार, मंदिर प्रबंधन समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर निर्णय लिया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पीने के पानी, चलंत शौचालय, सड़कों के समतलीकरण और मुख्य गेट निर्माण जैसी व्यवस्थाएं की जाएंगी.
एसडीओ ने कहा कि इस वर्ष छठ पूजा की व्यवस्था पिछले वर्ष की तुलना में और बेहतर होनी चाहिए. उन्होंने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. बैठक में यह भी तय हुआ कि बुंडू नगर पंचायत पीने के पानी व शौचालय की व्यवस्था करेगी, वहीं अनुमंडल कार्यालय की ओर से मंदिर के प्रवेश द्वार (गेट) का निर्माण कराया जाएगा.
साथ ही, मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा घाटों और मंदिर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, लंगर संचालन, और रात्रि विश्राम के लिए आवास की व्यवस्था की जाएगी. बैठक में उपस्थित लोगों ने सूर्य मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का सुझाव भी दिया.
बैठक में नगर प्रशासक शुभम पोद्दार, सीओ हंस हेमरोम, बीडीओ सावित्री कुमारी, सूर्य मंदिर भू दाता रामदुर्लभ सिंह मुंडा, प्रमोद कुमार, सत्यनारायण भगत, रौशन महतो, शिवराज सिंह, राजीव झा, अमित उपाध्याय, मनोज चौरसिया, सूरज भगत, राजकुमार महतो, महेश शर्मा और मोहित नायक सहित कई लोग उपस्थित थे. बताया गया कि जो भी छठव्रती अपना नाम से घाट बुक करना चाहते हैं, वे आधार कार्ड के साथ 9431100917 पर संपर्क करें.
यह भी पढ़े: चाईबासा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दो माओवादी गिरफ्तार