महाराष्ट्र में मानसून की भारी बारिश से रत्नागिरी म

महाराष्ट्र में बारिश बनी आफत, रत्नागिरी में लैंडस्लाइड; कई राज्यों में भी भारी बारिश का रेड अलर्ट

महाराष्ट्र में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई जिलों में हालात चिंताजनक हो गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने नासिक और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र के लिए अगले 24 घंटों में 300 मिमी तक बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित किया है। विभाग ने इस इलाके में बादल फटने की आशंका भी जताई है, जिसके बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर है।

नासिक में स्कूल-कॉलेज बंद, मंदिरों के पट भी बंद

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए नासिक जिले के सभी स्कूल और कॉलेजों में आज अवकाश घोषित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर और साढ़े तीन शक्तिपीठों में शामिल सप्तश्रृंगी मंदिर को भी एक दिन के लिए बंद रखा गया है।

रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, मकान का हिस्सा ढहा

लगातार बारिश के बीच रत्नागिरी जिले के शेलारवाड़ी में लैंडस्लाइड हो गया। इसकी चपेट में आने से एक मकान का हिस्सा ढह गया। मलबे से एक महिला को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के बीच राहत और बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।

पालघर में जलभराव, आम जनजीवन प्रभावित

भारी बारिश का असर पालघर जिले में भी देखने को मिला। वसई-विरार और नालासोपारा के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं। जलभराव के कारण लोगों को घरों से निकलने और रेल स्टेशन तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पालघर के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।

देशभर में सक्रिय हुआ मानसून

मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब लगभग पूरे देश को कवर कर चुका है। मध्य प्रदेश के 31 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बिहार में 6 से 12 जुलाई तक सात दिन के लिए भारी बारिश का हाई अलर्ट है। राजस्थान के सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड के कई जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

अगले दो दिन किन राज्यों में रहेगा सबसे ज्यादा खतरा?

8 जुलाई को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 9 जुलाई को आंध्र प्रदेश, झारखंड, असम, मेघालय, सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।