शोपियां में एनकाउंटर, लश्कर के टॉप कमांडर जाकिर गनी ढेर
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर जाकिर अहमद गनी मारा गया। सुरक्षाबलों ने उसका शव बरामद किया। आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद सेना ने शनिवार शाम चनापोरा इलाके में ऑपरेशन शुरू किया था। ऑपरेशन के 5वें दिन जाकिर गनी का शव बरामद हुआ। एक और आंतकी लतीफ भट के छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।
जाकिर गनी ढेर
जाकिर गनी उन 14 आतंकियों की सूची में शामिल था, जिसे पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जारी किया था। यह संयुक्त ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF ने मिलकर चलाया। आतंकियों के छिपे होने की खुफिया सूचना मिलने के बाद शनिवार शाम से चनापोरा में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था।
सेना ने चलाया ऑपरेशन
ऑपरेशन में सेना की 44 RR, 20 RR, 34 RR, 55 आरआर, 3 पैरा, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और CRPF की 14 व 178 बटालियन शामिल हैं। सेना की खास एंटी टेरेरिज्म यूनिट, 'विक्टर फोर्स' ने बाग के घने पेड़ों के बीच से भागने के सभी रास्तों को बंद करने के लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए और इलाके में रोशनी का इंतजाम भी किया। सुरक्षाबल पिछले कई दिनों से गांवों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
अबतक 9 आतंकी ढेर
अगर जाकिर गनी की मौत की पुष्टि हो जाती है तो 9वां आतंकी होगा, जिसे सुरक्षाबलों ने मार गिराया। जिन 14 आतंकियों की लिस्ट जारी की थी, जाकिर गनी को मिलाकर उनमें से अब तक 9 मारे गए हैं। 6 आतंकी मई 2025 में शोपियां और पुलवामा में एनकाउंटर के दौरान मारे गए थे।