कानपुर एयरपोर्ट पर ट्रेनी पायलट प्रोपेलर से घायल, DGCA ने फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को हटाया
कानपुर एयरपोर्ट पर नाइट फ्लाइंग ट्रेनिंग के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। ट्विन इंजन विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद इंजन बंद होने से पहले ही ट्रेनी पायलट विमान से नीचे उतर गई और घूम रहे प्रोपेलर की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी पीठ पर गंभीर चोटें आईं है।
ट्रेनी पायलट थी सवार
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को फ्लाइंग ट्रेनिंग ड्यूटी से हटा दिया गया है। हादसा 26 जून की रात गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन के Tecnam P2006T (VT-NBV) विमान के साथ हुआ। विमान नाइट इंस्ट्रक्शनल फ्लाइंग पर था, जिसमें एक फ्लाइट इंस्ट्रक्टर और एक ट्रेनी पायलट सवार थी।
प्रोपेलर की चपेट में आई पायलट
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया था, लेकिन इंजन अभी भी चालू था और दोनों प्रोपेलर यानी पंखे घूम रहे थे। इसी दौरान ट्रेनी पायलट विमान से नीचे उतर गई और सीधे चलते प्रोपेलर की चपेट में आ गई। घटना के बाद एयरपोर्ट कर्मचारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। उसकी पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
जांच पूरी होने तक संचालन पर रोक
हादसे को गंभीरता से लेते हुए DGCA ने संबंधित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को जांच पूरी होने तक फ्लाइंग ट्रेनिंग ड्यूटी से हटा दिया है। इसके अलावा हादसे में शामिल Tecnam P2006T (VT-NBV) विमान के संचालन पर भी जांच पूरी होने तक रोक लगा दी। वहीं चकेरी एयरपोर्ट के निदेशक प्रदीप यादव ने घटना पर कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया।