भारतीय रेलवे की टिकट बुकिंग वेबसाइट IRCTC ने अपने
IRCTC ने लॉन्च किया अपनी वेबसाइट का नया बीटा वर्जन, चार बड़े तकनीकी सुधार
भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग वेबसाइट IRCTC का नया वर्जन लॉन्च हो गया है। इस अपग्रेड का मकसद हर दिन टिकट बुक करने वाले लाखों यात्रियों के अनुभव को आसान और तेज बनाना है। अभी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च किया गया, यानी आम यात्रियों से फीडबैक के आधार पर इस वेबसाइट में बदलाव किया जाएगा।
चार बड़े तकनीकी सुधार
IRCTC की वेबसाइट का बीटा वर्जन 15 जुलाई 2026 को लाइव हो गया है। पिछले महीने जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के दौरे पर गए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छात्रों से बातचीत के दौरान इसकी घोषणा की थी कि 15 जुलाई तक IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च कर दी जाएगी। इसमें रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत के लिए मुख्य रूप से चार बड़े तकनीकी सुधार किए गए हैं।
- अब यूजर्स को अलग-अलग क्लास जैसे- स्लीपर, थर्ड AC, सेकंड एसी के लिए बार-बार सर्च नहीं करना होगा। सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक साथ स्क्रीन पर दिखेगी।
- अब लॉगिन या बुकिंग के दौरान परेशान करने वाले कैप्चा नहीं दिखाई देगा। साथ ही, फालतू के पॉप-अप, चमकने वाले ग्राफिक्स भी नहीं है।
- IRCTC ने बुकिंग के लिए 'फास्टर चेकआउट' फीचर पेश किया है। टिकट बुक करते वक्त यात्रियों को जितने स्टेप्स से गुजरना पड़ता था, उनकी संख्या कम कर दी गई। स्टेप्स कम होने से बुकिंग की पूरी प्रक्रिया में लगने वाला समय घट जाएगा।
- बार-बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 'इजीअर रिपीट बुकिंग' की सुविधा दी गई है। इसमें यात्रियों की डिटेल्स पहले से सेव होगी। अगली बार टिकट बुक करते वक्त आपको दोबारा नाम, उम्र या अन्य जानकारियां नहीं भरनी होंगी।