MP-राजस्थान में बारिश का कहर, 15+ शहरों में बाढ़ जैसे हालात; यूपी में हाईवे डूबे
देश के कई हिस्सों में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। मध्य प्रदेश और राजस्थान के 15 से ज्यादा शहरों में लगातार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। कहीं सड़कें पानी में डूब गईं तो कहीं घरों और दुकानों में पानी घुस गया। भोपाल में भारी बारिश को देखते हुए नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
उधर उत्तर प्रदेश में गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के ऊपर या उसके आसपास बह रही हैं। फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे तक पहुंच गया है। वाराणसी में बढ़ते जलस्तर के चलते काशी विश्वनाथ मंदिर का मुख्य गंगा द्वार भी बंद करना पड़ा है।
MP में रातभर बारिश, भोपाल में स्कूल बंद
मध्य प्रदेश के भोपाल, रायसेन, उज्जैन और देवास समेत कई इलाकों में रविवार रात से तेज बारिश जारी है। भोपाल में लगातार बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भर गया है।हालात को देखते हुए प्रशासन ने राजधानी के सभी स्कूलों में नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाएं सोमवार को बंद रखने का फैसला लिया है। मौसम विभाग ने राज्य के 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।डिंडौरी में नर्मदा नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। यहां पिछले दो दिनों से नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है।
राजस्थान में डैम ओवरफ्लो, सड़कों पर कई फीट पानी
राजस्थान में भी लगातार बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जयपुर का कानोता और झालावाड़ का कालीखाड़ डैम ओवरफ्लो हो गया है।बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में रविवार रात सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। बाड़मेर में स्थिति और ज्यादा खराब रही। रेलवे स्टेशन, सब्जी मंडी और हॉस्पिटल रोड समेत कई प्रमुख इलाकों में 2 से 4 फीट तक पानी भर गया।कई जगह पानी दुकानों और घरों में भी पहुंच गया है। जयपुर के फूटा खुर्रा इलाके में भी भारी बारिश के बाद सड़कें जलमग्न हो गईं।
राजस्थान के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से हालात चुनौतीपूर्ण हैं। गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब या ऊपर बह रही हैं।फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे के ऊपर से बह रहा है। करीब 40 गांव बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। कई जगह लोग सड़कों पर टेंट लगाकर रहने को मजबूर हैं।वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी पानी आ गया है। काशी के 84 घाटों को जोड़ने वाला मार्ग प्रभावित हुआ है और गंगा का पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है।
काशी विश्वनाथ मंदिर का गंगा द्वार बंद
गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर के छह प्रवेश द्वारों में से मुख्य गंगा द्वार बंद कर दिया गया है। घाटों पर आने-जाने में भी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। वृंदावन में भी केशीघाट का परिक्रमा मार्ग पानी में डूब गया है। उत्तराखंड में भी देर रात से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा में भी 13 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। 10, 11 और 13 अगस्त को कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
MP से हिमालय तक मानसून एक्टिव
मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों से लेकर उत्तराखंड और सिक्किम तक बारिश का असर दिखाई दे रहा है। कई राज्यों में नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ सड़क और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।फिलहाल सबसे ज्यादा नजर मध्य प्रदेश और राजस्थान के जलभराव वाले इलाकों के साथ उत्तर प्रदेश में बढ़ते नदी जलस्तर पर है। अगले कुछ दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना के बीच स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।