भारत में कई राज्यों में भारी बारिश, सड़कों पर भरा पानी, इंदौर में 15 पर्यटन स्थल बंद
राजस्थान में मानसून के इंतजार के बीच जयपुर में तेज बारिश हुई। करीब आधे घंटे में हुई 50mm बारिश से सड़कें लबालब हो गईं। कई गाड़ियां पानी की वजह से बंद हो गई। दुकानों-मकानों में भी पानी भर गया।
सड़कों पर भरा पानी
राजधानी कोलकाता में भी कुछ ऐसा ही हाल रहा। दोपहर में करीब 1 घंटे की बारिश से शहर की मुख्य सड़कों पर एक फीट तक पानी भर गया। कोलकाता के SSKM हॉस्पिटल के अंदर तक पानी घुस गया। इससे मरीज और उनकी देखभाल करने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। बारिश से हादसों की आशंका को देखते हुए मध्य प्रदेश के इंदौर में 15 पर्यटन स्थलों में 22 अगस्त तक एंट्री बंद कर दी गई। प्रदेश के शाजापुर में बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2 से 4 दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है।
UP में हीटवेव
इधर, UP में मानसून 8 दिन लेट है। यह आमतौर पर 20 जून तक आ जाता है लेकिन इस बार 15 दिनों से बिहार बॉर्डर पर रुका है। प्रदेश के 8 जिलों में गुरुवार को हीटवेव के हालात रहे। बिहार के 13 जिलों में तेज धूप के साथ गर्म हवा चली। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी। सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक में समुद्र के करीबी इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा में भी तेज बारिश की चेतावनी है। वहीं 28 जून को छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है।