बिहार चुनाव: JDU की पूर्व विधायक आशा देवी और कुंवर सेना अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ BJP में हुए शामिल
न्यूज़11 भारत पटना/डेस्क: बिहार की सियासत में सोमवार को एक बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब जनता दल यूनाइटेड (JDU) की पूर्व विधायक आशा देवी और कुंवर सेना के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया. इन दोनों नेताओं का भाजपा में शामिल होना पार्टी के लिए आगामी चुनावों से पहले एक मजबूत रणनीतिक बढ़त माना जा रहा है. केंद्रीय मंत्री और बिहार भाजपा प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और सह प्रभारी विनोद तावड़े की उपस्थिति में इन नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. भाजपा को मिलेगा सियासी लाभ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आशा देवी के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को न सिर्फ महिला वोट बैंक में मजबूती मिलेगी, बल्कि उनका क्षेत्रीय प्रभाव भी पार्टी के लिए लाभदायक साबित हो सकता है. वहीं, कुंवर सेना अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह की एंट्री से युवाओं और ग्रामीण वर्ग में पार्टी की पकड़ और मजबूत हो सकती है. भाजपा नेतृत्व ने दोनों नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उनके शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और प्रदेश में भाजपा को और मजबूती मिलेगी. आगामी चुनावों से पहले सियासी हलचल तेज बिहार में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट के बीच इस तरह के सियासी घटनाक्रमों ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है. भाजपा जहां विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश में जुटी है, वहीं अन्य दल भी अपने समीकरण साधने में लगे हुए हैं. भाजपा सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में और भी कई नेता पार्टी में शामिल हो सकते हैं. ये भी पढ़ें- खेल मंत्री सुदिव्य कुमार ने CM हेमंत सोरेन से की मुलाकात, सैफ गेम्स के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का दिया आमंत्रण