अगर मैं दोषी हूं तो फांसी पर झूलने को तैयार: मुस्तफा
अगर मैं दोषी हूं तो फांसी पर झूलने को तैयार: मुस्तफा
बोले-जांच में हर तरह का सहयोग करूंगा
नई दिल्ली (एएनआई)। पंजाब के पूर्व डीजपी मोहम्मद मुस्तफा के बेटे की मौत के मामले में उनके और उनकी पत्नी रजिया सुल्ताना सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद उन्होंने कहा-'मैं जांच में पूरी तरह से सहयोग करूंगा। अगर मैं दोषी साबित हुआ तो मैं फांसी पर चढ़ने को तैयार हूं।'
बातचीत में मोहम्मद मुस्तफा ने कहा, 'वह (शम्सुद्दीन चौधरी) एक राजनेता का मोहरा बन गए हैं। मैं किसी से नहीं डरता। अगर आप शिकायत दर्ज कराने पुलिस स्टेशन जाते हैं, तो मामला दर्ज करना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने (शम्सुद्दीन चौधरी) जो एक पैराग्राफ पुलिस को दिया, उसे एफआईआर में बदल दिया। मैं इसका स्वागत करता हूं और मैं जांच में पूरा सहयोग करूंगा। अगर मैं दोषी हूं, तो मैं फांसी पर चढ़ने को तैयार हूं।'
बेटे को खोने से बड़ा दर्द कोई नहीं होता
मोहम्मद मुस्तफा ने कहा, “एक पिता के लिए अपने इकलौते बेटे को खोने से बड़ा कोई दर्द नहीं होता। इस त्रासदी ने मेरे अंदर के सिपाही को जगा दिया है ताकि मैं तुच्छ मानसिकता वालों के खिलाफ खड़ा हो सकूं। बच्चा चाहे कितनी भी गलतियां करे, एक पिता हमेशा उसे दुनिया से बचाता है। फिर भी, कुछ लोगों ने इस स्थिति का फायदा उठाकर तुच्छ राजनीति करने की कोशिश की है। मुझे कोई डर नहीं है, क्योंकि हमने कुछ भी गलत नहीं किया है। क्या आपने कभी किसी पिता को अपने ही बेटे की हत्या करते सुना है।”