झारखंड

ए.के. सिंह कॉलेज जपला में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, एसडीपीओ ने छात्रों को किया सतर्क

विकास कुमार/न्यूज11 भारत 

हुसैनाबाद/डेस्क:  ए.के. सिंह कॉलेज, जपला में मंगलवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुसैनाबाद, कॉलेज के प्राचार्य, एनएसएस पदाधिकारी एवं व्याख्याता गण उपस्थित थे. इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को साइबर अपराधों से सचेत करना और डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के उपाय बताना था. इस दौरान एसडीपीओ हुसैनाबाद ने कॉलेज के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों की विभिन्न श्रेणियों जैसे फेक कॉल, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, सेक्टोरशन आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी अत्यंत सक्रिय हैं और सोशल मीडिया, ऑनलाइन पेमेंट ऐप या फोन कॉल के ज़रिए लोगों को जाल में फंसा लेते हैं. ऐसे में जागरूक रहना ही सबसे बड़ा बचाव है.

एसडीपीओ हुसैनाबाद ने कहा “साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक रहना बेहद ज़रूरी है. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, न ही किसी को बैंक विवरण या ओटीपी साझा करें. अगर किसी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या डिजिटल धमकी का सामना हो तो तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करें. उन्होंने यह भी कहा कि छात्र-छात्राएँ स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी व्यक्ति धोखाधड़ी का शिकार न बने. 

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना की टीम द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई.

यह भी पढ़ें: चंदनकियारी की बांसतोड़ा पंचायत से रोजगार सेवक की बाइक हुई चोरी