बैंड पार्टी की गाड़ी बनी मौत का जाल: कोयला लदे ट्रक ने मारी टक्कर, 8 लोगों की दर्दनाक मौत
झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर कोयला लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
बिहार कार्यक्रम में जाने की तैयारी थी, रास्ते में खत्म हो गई जिंदगी
जानकारी के अनुसार पिकअप में सवार सभी लोग बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े थे। वे रामगढ़ से मारंगमर्चा आए थे और वहां से अपने अन्य साथियों को लेकर बिहार में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही यह सफर हादसे में बदल गया। हादसे के बाद का दृश्य बेहद हृदयविदारक था। पिकअप में रखे बैंड, ड्रम और अन्य वाद्य यंत्र सड़क पर बिखर गए। कई शव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। स्थानीय लोगों और पुलिस को शव निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
7 की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
दुर्घटना में सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, लेकिन उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।
चश्मदीद बोला- एक-दूसरे के ऊपर गिरे पड़े थे लोग
स्थानीय निवासी तबरेज आलम, जिन्होंने सबसे पहले हादसा देखा, ने बताया कि रात में तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि पिकअप में सवार लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरे हुए थे। कई लोग लहूलुहान हालत में मदद और पानी मांग रहे थे। बैंड पार्टी का सामान सड़क पर बिखरा पड़ा था और चारों तरफ चीख-पुकार मची हुई थी।
ओवरटेक की कोशिश बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सामने से आ रहा कोयला लदा ट्रक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने पिकअप को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे में अनोद कुमार, हेमंत कुमार महतो, पप्पू करमाली, पवन करमाली, अशोक, शक्ति, डेविड करमाली और मनीष कुमार की मौत हुई है। सभी मृतक बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े थे।
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना से नाराज ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने में जुटा रहा।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव
रामगढ़ सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित किया था। बाद में एक अन्य घायल की भी मौत हो गई। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।