राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आरोपी अविनाश शुक्ला से पूछताछ, कमरे से मिले 20 लाख, गहने, डॉलर, महंत से मिले CM योगी
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के आरोपी अविनाश शुक्ला को पुलिस ने 24 घंटे की कस्टडी में ले लिया है। पुलिस शुक्रवार सुबह 9 बजे अयोध्या जेल पहुंची। वहां से अविनाश शुक्ला को लेकर पुलिस लाइन आई। 2 घंटे कड़ी पूछताछ की गई। फिर उसे लेकर प्रतापगढ़ रवाना हो गई।
अविनाश ने पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, अविनाश ने चढ़ावा चोरी के पैसे से एक मोटरसाइकिल खरीदी थी। उसे बरामद करने के लिए पुलिस उसे लेकर उसके घर प्रतापगढ़ गई। पूछताछ में पुलिस को यह भी पता चला कि अविनाश शुक्ला ने चढ़ावे में आए सोने-चांदी के जेवर और रकम ठिकाने लगाई है। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर उन-उन जगहों पर जा सकती है।
20 लाख, गहने, डॉलर मिले
बता दे अविनाश मूलरुप से प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है। मंदिर में चढ़ावे की गिनती का काम करता था। अयोध्या में किराए पर रहा करता था। उसके कमरे से 20 लाख कैश, 1000 डॉलर, गहने और रामराज्य कोष लिखा बक्सा मिला था। इधर, SIT ने आज ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और आमंत्रित ट्रस्ट सदस्य गोपाल राव को पूछताछ के लिए दोबारा बुलाया है। उनसे बैंक ब्योरा, मंदिर कर्मचारियों की जॉइनिंग से संबंधित दस्तावेज लाने को कहा गया है। SIT गुरुवार को दोनों से बंद कमरे में 5 घंटे पूछताछ कर चुकी है।
मकान पर चलेगा बुलडोजर
इधर, अयोध्या विकास प्राधिकरण ने चढ़ावा चोरी के आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के नए मकान पर बुलडोजर चलाने की तैयारी कर ली है। ADA ने लवकुश की पत्नी सुप्रिया मिश्रा को नोटिस जारी किया है। हालांकि, लवकुश की पत्नी का कहना है कि हमें कोई नोटिस नहीं मिला। हमारे मकान का नक्शा पास किया हुआ है। इधर, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अयोध्या में कहा- देश के संतों, महंतों, मठों और मंदिरों के विरुद्ध सुनियोजित षड्यंत्र रचकर लोगों की आस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने समाज से अपील की कि ऐसी कोशिशों से सतर्क रहें। सनातन परंपराओं एवं अपनी श्रद्धा को दृढ़ बनाए रखें।
महंत से मिले CM
वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के प्रमुख महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात की। महंत नृत्य गोपाल दास मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी तबीयत बिगड़ गई थी इसलिए उन्हें 2 दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया।