VTR से आई खुशखबरी: बाघिन N6 ने 4 शावकों को दिया जन्म
सागर के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़ी सकारात्मक खबर सामने आई है। सोमवार को गश्ती दल ने एक गुफा के पास बाघिन N6 को उसके चार शावकों के साथ देखा और कैमरे में कैद किया। यह वही बाघिन है जिसे एक साल पहले पेंच टाइगर रिजर्व से यहां लाया गया था।बाघिन और उसके सभी शावक स्वस्थ बताए जा रहे हैं। इस जन्म के साथ टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या 30 के पार पहुंच गई है, जो मध्यप्रदेश में वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है।
पेंच से लाई गई बाघिन ने पहली बार दिया जन्म
टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के अनुसार, बाघिन N6 को पिछले साल पेंच से रेस्क्यू कर यहां बसाया गया था। यह उसका पहला प्रसव है, जो इस क्षेत्र के अनुकूल माहौल को दर्शाता है।डिप्टी डायरेक्टर डॉ. रजनीश सिंह ने बताया कि रिजर्व में बाघों के लिए बेहतर वातावरण और सुरक्षा व्यवस्था के कारण वंशवृद्धि लगातार हो रही है।
गुफा के पास दिखे शावक, बढ़ाई गई निगरानी
गश्ती टीम ने बाघिन को गुफा के बाहर चार शावकों के साथ देखा। शुरुआती दो साल शावकों के लिए बेहद संवेदनशील होते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।इलाके में ट्रैकर कैमरे लगाए गए हैं और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह का खतरा टाला जा सके।
8 साल में ऐसे बढ़ा बाघों का कुनबा
वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ाने की शुरुआत 2018 में हुई थी, जब पहली बार एक बाघिन को यहां लाया गया था।इसके बाद बांधवगढ़ से नर बाघ को लाकर प्रजनन प्रक्रिया शुरू की गई। मई 2019 में पहली बार तीन शावकों का जन्म हुआ, जिससे इस क्षेत्र में बाघों की स्थायी मौजूदगी स्थापित हुई।