राजगढ़ के ब्यावरा में बारातियों से भरी बस पलटने से

बारात की खुशियां मातम में बदलीं, बस पलटी...3 की मौत, 27 घायल

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। ब्यावरा के काचरी जोड़ के पास बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और करीब 12 मीटर तक पलटियां खाती रही। हादसे में दूल्हे की दादी समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हैं। इनमें 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मुरैना की धर्मेंद्र ट्रेवल्स बस रछेड़ गांव से उज्जैन शादी समारोह में जा रही थी। बस में करीब 70 लोग सवार थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने से बस नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खाई में उतर गई।

खिड़कियों से बाहर जा गिरे यात्री

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि बस कई बार पलटी खाती हुई दूसरी लेन तक पहुंच गई। कई यात्री सीटों के नीचे दब गए, जबकि कुछ खिड़कियों से बाहर जा गिरे। मृतकों में अंशु उर्फ विष्णु तोमर (25) और अभय तोमर (24) शामिल हैं।दूल्हे की दादी बिटोली देवी गंभीर रूप से घायल हुई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे में उनका पैर कटकर करीब 15 फीट दूर जा गिरा। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

बच्चों और महिलाओं समेत कई घायल

घायलों को तुरंत ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद 8 गंभीर घायलों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है। हादसे में 3 से 9 साल तक के बच्चे भी घायल हुए हैं। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

प्रशासन अलर्ट, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही राज्यमंत्री नारायण सिंह पवार, एडिशनल एसपी केएल बंजारे और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ घायलों को समय पर इलाज नहीं मिलने से स्थिति और बिगड़ी।