मंदसौर: होटल में ‘पति, पत्नी और वो’ का हंगामा: डॉक्टर पति को प्रेमिका संग पकड़ा, फिर हुई धुनाई
मध्यप्रदेश के मंदसौर में एक होटल उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब एक महिला ने अपने डॉक्टर पति को उसकी प्रेमिका के साथ होटल के कमरे में पकड़ लिया। इसके बाद होटल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना बुधवार देर रात नाहटा चौराहा स्थित समता पैलेस होटल की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर डायल-112 मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कमरे का दरवाजा खुलते ही बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, शामगढ़ निवासी 50 वर्षीय जुल्फिकार अली अपनी 38 वर्षीय महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था। महिला मंदसौर के पास मुलतानपुरा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।बुधवार रात करीब 11 बजे जुल्फिकार की पत्नी अपने भाई और भाभी के साथ होटल पहुंची। कमरे का दरवाजा खुलते ही पत्नी ने पति को दूसरी महिला के साथ देख लिया। इसके बाद होटल में विवाद शुरू हो गया।
होटल में हुई मारपीट, वीडियो वायरल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्साई पत्नी ने पति और उसकी महिला मित्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। पत्नी के साथ मौजूद परिजनों ने भी बीच-बचाव के दौरान धक्का-मुक्की की।बताया जा रहा है कि महिला मित्र के बाल पकड़कर उसे सीढ़ियों तक घसीटा गया। वहीं पत्नी का भाई जुल्फिकार अली के साथ झूमा-झटकी करता नजर आया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रेमिका का जन्मदिन मनाने पहुंचा था डॉक्टर
जानकारी के मुताबिक, जुल्फिकार अली पेशे से डॉक्टर है और शामगढ़ में निजी क्लीनिक संचालित करता है। बताया जा रहा है कि वह महिला मित्र का जन्मदिन मनाने मंदसौर आया था।सूत्रों के अनुसार, संबंधित महिला का करीब छह महीने पहले तलाक हुआ था। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
घटना के बाद पत्नी अपने परिजनों के साथ वापस लौट गई, जबकि डॉक्टर और उसकी महिला मित्र मंदसौर से रवाना हो गए। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में किसी प्रकार की आधिकारिक शिकायत सामने नहीं आई है।