जबलपुर के बरगी डैम में तेज आंधी के दौरान पर्यटन वि

MP Cruise Accident: अब तक 9 शव मिले, 15 से ज्यादा लापता, आर्मी ने संभाला रेस्क्यू

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी और खराब मौसम के बीच पर्यटन विभाग का क्रूज पलटकर डूब गया। हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक 15 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं।बताया जा रहा है कि हादसे के समय क्रूज में 40 से 45 पर्यटक सवार थे। हादसा डैम के किनारे से करीब 300 मीटर दूर हुआ। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शुक्रवार सुबह सेना, SDRF और स्पेशल टीमों ने संयुक्त अभियान शुरू किया।

अचानक आए तूफान ने मचाई तबाही

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवाएं और आंधी के कारण क्रूज अनियंत्रित हो गया और कुछ ही मिनटों में पानी में समा गया।बरगी सिटी सीएसपी अंजुल मिश्रा ने बताया कि शुरुआती रेस्क्यू में SDRF ने कई लोगों को बचाया, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के चलते राहत कार्य में दिक्कत आई। शुक्रवार सुबह दोबारा बड़े स्तर पर ऑपरेशन शुरू किया गया।बताया जा रहा है कि हादसे के समय हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा थी।

आर्मी, पैरामिलिट्री और हेलिकॉप्टर से सर्च ऑपरेशन

हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राष्ट्रीय स्तर की एजेंसियों को भी लगाया है। आोर्मी की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। हैदराबाद से स्पेशल रेस्क्यू टीम और हेलिकॉप्टर रवाना किया गया है, जबकि कोलकाता से पैरामिलिट्री की विशेष यूनिट जबलपुर पहुंच गई है।डूबे हुए क्रूज को बाहर निकालने के लिए हाइड्रॉलिक मशीनें और पोकलेन मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। करीब 20 फीट गहरे पानी में फंसे क्रूज तक पहुंचने की कोशिश जारी है।

क्रूज पायलट बोला- संभलने का मौका नहीं मिला

क्रूज के पायलट महेश ने बताया कि सुरक्षा के इंतजाम मौजूद थे, लेकिन मौसम ने अचानक बेहद खतरनाक रूप ले लिया।उन्होंने कहा, “तेज तूफान आया और क्रूज का संतुलन बिगड़ गया। किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।महेश पिछले 10 साल से क्रूज संचालन का अनुभव रखते हैं। हादसे के बाद अब सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम खराब होने के बावजूद क्रूज संचालन जारी रखना बड़ा जोखिम साबित हुआ।

एक ही परिवार के 15 लोग थे क्रूज में सवार

आयुध निर्माणी खमरिया के कर्मचारी कामराज आर्य अपने परिवार के 15 लोगों के साथ घूमने पहुंचे थे। उनके माता-पिता किनारे पर बैठे थे, जबकि पत्नी, बच्चे और अन्य सदस्य क्रूज में सवार थे।कामराज मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनके एक बेटे को सुरक्षित बचा लिया गया है, लेकिन कामराज, उनकी पत्नी और एक बेटा अब भी लापता हैं।इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

20 साल पुराना था क्रूज

पर्यटन विभाग के अधिकारी योगेंद्र रिछारिया ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ क्रूज वर्ष 2006 में बनाया गया था। इसकी क्षमता 60 यात्रियों की थी। विभाग के अनुसार बरगी डैम में संचालित दूसरा क्रूज पहले से खराब पड़ा हुआ है। अब प्रशासन पूरे मामले की जांच की तैयारी में जुट गया है। मौसम, सुरक्षा व्यवस्था और क्रूज संचालन के नियमों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।