Indore news: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में सोमवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहाँ नगर निगम के दो कर्मचारियों की सीवर टैंक में दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक कर्मचारी की जान बच गई. घटना जोन-13 क्षेत्र में चोइथराम मंडी गेट के पास की बताई जा रही है. मृतकों का नाम करण यादव और अजय डोडिया है. मिली हुई जानकारी के मुताबिक, सीवर टैंक 30 फीट गहरा था और उसके अन्दर ज़हरीली गैस भरी हुई थी, जिसके कारण दोनों निगमकर्मियों की मृत्यु हो गयी.
[caption id="attachment_138331" align="alignnone" width="1200"]
Indore news[/caption]
सफाई के दौरान हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों की ड्यूटी शाम 5 बजे तक थी. शाम 6:30 बजे के करीब नगर निगम की टीम जोन-13 में सीवर की नियमित सफाई कर रही थी. चैंबर को मशीन और सक्शन टैंकर की मदद से खाली किया जा रहा था.
इसी दौरान सफाई में इस्तेमाल हो रहा एक पाइप का हिस्सा चैंबर के अंदर गिर गया, जिसे निकालने के लिए एक कर्मचारी नीचे उतरा, लेकिन कुछ देर बाद उसकी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद दूसरा कर्मचारी भी उसे बचाने के लिए नीचे चला गया.
अंदर बेहोश पड़े थे दोनों कर्मचारी
मौके पर मौजूद कर्मचारी अकबर ने मीडिया को बताया कि जब काफी देर तक दोनों के बाहर नहीं आये, तो उसने झांककर देखा. दोनों कर्मचारी अंदर बेहोश पड़े थे. हालात गंभीर देख अकबर भी नीचे उतर गया.
वहीं अमन नामक युवक, जो वहां कुली का काम करता है, ने अपनी कमर में रस्सी बांधकर सीवर टैंक में उतरने का साहस किया. उसने हुक की मदद से एक कर्मचारी को पकड़कर ऊपर लाने की कोशिश की। इस दौरान उसके मुंह में भी गैस भर गई, लेकिन किसी तरह वह बाहर निकल आया.
अस्पताल में दोनों कर्मचारियों को किया गया मृत घोषित
इंदौर के डीसीपी कृष्णलाल चंदानी ने बताया कि पुलिस की सहायता से करण और अजय को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र नगर थाने के पुलिसकर्मी मामले की जांच में जुटे हैं.